एयर इंडिया का विमान दिल्ली से अमृतसर जाते समय तकनीकी खराबी के कारण पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में घुस गया, जिसके बाद चेतावनी मिलने पर वापस लौट आया।
अमृतसर। एअर इंडिया की दिल्ली से अमृतसर जा रही एक उड़ान सोमवार रात तकनीकी गड़बड़ी के कारण निर्धारित मार्ग से भटक गई और कुछ समय के लिए पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में पहुंच गई। पाकिस्तान की एयर ट्रैफिक कंट्रोल एजेंसी से चेतावनी मिलने के बाद विमान को तुरंत भारतीय हवाई क्षेत्र की ओर वापस मोड़ा गया।घटना की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
दिल्ली से 3 मिनट देरी से उड़ी थी फ्लाइट
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार एयर इंडिया का एयरबस एआई-321 विमान सोमवार रात 9:18 बजे दिल्ली से रवाना हुआ था। विमान को रात 10:30 बजे अमृतसर पहुंचना था, लेकिन उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या आने के कारण वह अपने निर्धारित मार्ग से भटक गया।बताया जा रहा है कि पायलट को स्थिति का पता तब चला जब पाकिस्तान की एयर ट्रैफिक अथॉरिटी की ओर से विमान को चेतावनी संदेश प्राप्त हुए।
पाकिस्तान एयरस्पेस से लौटने के बाद बढ़ी मुश्किल
चेतावनी मिलने के बाद विमान ने यू-टर्न लेकर भारतीय हवाई क्षेत्र में वापसी की। लेकिन तब तक काफी समय बीत चुका था। जब विमान अमृतसर पहुंचा, तब एयरपोर्ट पर हवाई यातायात बढ़ चुका था और रनवे व्यस्त था।एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमान को कुछ समय तक होल्डिंग पैटर्न में रखा, लेकिन बाद में उसे वापस दिल्ली लौटने के निर्देश दिए गए।
चार घंटे की देरी से पहुंचा अमृतसर
दिल्ली लौटने के बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। बाद में आवश्यक अनुमति मिलने पर विमान को दोबारा अमृतसर के लिए रवाना किया गया।करीब चार घंटे की देरी के बाद विमान रात 2:20 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार यात्रियों को असुविधा हुई, लेकिन स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ने क्या कहा
अधिकारियों के अनुसार किसी भी विमान की लैंडिंग से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल अंतिम अनुमति देता है। कई बार रनवे की उपलब्धता और ट्रैफिक के कारण विमानों को हवा में प्रतीक्षा करनी पड़ती है।इस मामले में भी अमृतसर एयरपोर्ट पर ट्रैफिक बढ़ने के कारण विमान को तुरंत उतरने की अनुमति नहीं मिल सकी। बाद में उसे दिल्ली भेजा गया और फिर दोबारा अमृतसर लाया गया।
हाल ही में पाकिस्तान की उड़ान भी भारतीय एयरस्पेस में पहुंची थी
हाल के दिनों में भारत और पाकिस्तान के बीच ऐसे मामले सामने आए हैं। जून 2026 में खराब मौसम के कारण पाकिस्तान की कई यात्री उड़ानें भी कुछ समय के लिए भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गई थीं, जिसके दौरान दोनों देशों के एयर ट्रैफिक कंट्रोल के बीच समन्वय किया गया था।