ऑस्कर अकादमी ने 529 नए सदस्यों को आमंत्रित किया है। भारत से विशाल भारद्वाज समेत 6 फिल्म पेशेवरों को वोटिंग पैनल में शामिल होने का न्योता मिला है।
दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म पुरस्कारों में शामिल ऑस्कर से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज (AMPAS) ने वर्ष 2026 के लिए दुनियाभर के 529 कलाकारों, फिल्मकारों और तकनीकी विशेषज्ञों को अपने सदस्यता और वोटिंग पैनल में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। इस सूची में भारत के छह नाम शामिल हैं, जिनमें फिल्म निर्देशक, लेखक और संगीतकार विशाल भारद्वाज का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है।
ऑस्कर वोटिंग पैनल में शामिल हुए विशाल भारद्वाज
भारतीय सिनेमा में अपनी अलग पहचान बना चुके विशाल भारद्वाज को इस बार अकादमी की सदस्यता के लिए आमंत्रित किया गया है। विशाल भारद्वाज ने 'मकबूल', 'ओमकारा', 'हैदर', 'कमीने' और 'सात खून माफ' जैसी चर्चित फिल्मों का निर्देशन किया है। वे एक सफल संगीतकार और पटकथा लेखक भी हैं। ऑस्कर अकादमी का सदस्य बनने के बाद उन्हें भविष्य में ऑस्कर पुरस्कारों के लिए मतदान करने का अधिकार मिलेगा।
भारत से इन 6 हस्तियों को मिला निमंत्रण
इस वर्ष अकादमी ने भारत से छह पेशेवरों को आमंत्रित किया है
- विशाल भारद्वाज – फिल्ममेकर और संगीतकार
- दीपा भाटिया – फिल्म एडिटर
- ए. श्रीकर प्रसाद – एडिटर
- एका लखानी – कॉस्ट्यूम डिजाइनर
- दिलीप शंकर – कास्टिंग डायरेक्टर
- अवनीत कौर – डिज्नी एनिमेटर
इन सभी ने भारतीय और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में अपने-अपने क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
RRR से चर्चा में आए श्रीकर प्रसाद
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता संपादक ए. श्रीकर प्रसाद को फिल्म RRR सहित कई चर्चित परियोजनाओं में उनके योगदान के लिए वैश्विक पहचान मिली है। वहीं दीपा भाटिया 'तारे ज़मीन पर', 'काय पो चे' और कई अन्य सफल फिल्मों के संपादन के लिए जानी जाती हैं। कॉस्ट्यूम डिजाइनर एका लखानी ने 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' जैसी फिल्मों में अपने काम से पहचान बनाई है, जबकि दिलीप शंकर ने फिल्म लास्ट फिल्म शो में कास्टिंग का कार्य संभाला था।
हॉलीवुड के कई बड़े नाम भी सूची में
इस वर्ष ऑस्कर अकादमी की सूची में हॉलीवुड के कई चर्चित नाम भी शामिल हैं। इनमें जेकब एलॉर्डी,जेना ऑर्टेगा,जोश ओ'कॉनर,सिमू लियू,जैक क्रेगर,सेफडी ब्रदर्स जैसे कलाकार और फिल्मकार शामिल हैं।
11 हजार से ज्यादा हो सकते हैं अकादमी सदस्य
यदि सभी आमंत्रित सदस्य अकादमी का निमंत्रण स्वीकार कर लेते हैं, तो संगठन के कुल सदस्यों की संख्या 11 हजार से अधिक हो जाएगी। इनमें 10 हजार से ज्यादा सदस्य ऑस्कर विजेताओं के चयन में मतदान करने के पात्र होंगे।
विविधता बढ़ाने पर अकादमी का जोर
एकेडमी के अनुसार इस वर्ष आमंत्रित किए गए नए सदस्यों में 42% महिलाएं हैं, 56% सदस्य अंडर-रिप्रेजेंटेड समुदायों से आते हैं, 53% सदस्य अमेरिका के बाहर के देशों से हैं अकादमी का कहना है कि वह फिल्म उद्योग में विविधता, समान अवसर और वैश्विक प्रतिनिधित्व को लगातार बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रही है।