बेंगलुरु में आयोजित एक इवेंट के दौरान फैन सिक्योरिटी तोड़कर जॉन अब्राहम से मिलने स्टेज पर पहुंच गया। बॉडीगार्ड ने रोकने की कोशिश की, लेकिन जॉन ने फैन से मुलाकात कर सभी का दिल जीत लिया।
एंटरटेनमेंट डेस्क | बॉलीवुड अभिनेता John Abraham का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक फैन सिक्योरिटी को चकमा देकर सीधे स्टेज पर पहुंच जाता है, लेकिन उसे रोकने के बजाय जॉन अब्राहम ने उससे मुलाकात कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। यह घटना 21 जून को बेंगलुरु में आयोजित वर्ल्ड मोटरसाइकिल डे के एक कार्यक्रम की है, जहां जॉन अब्राहम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।
बाइक पर की एंट्री, फिर हुआ दिलचस्प वाकया
इवेंट में जॉन अब्राहम ने शानदार अंदाज में बाइक पर एंट्री की। कार्यक्रम के दौरान वह दर्शकों से मोटरसाइकिलों के प्रति अपने जुनून और अनुभव साझा कर रहे थे। इसी बीच एक फैन सुरक्षा घेरा पार कर स्टेज तक पहुंच गया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही फैन जॉन के करीब पहुंचा, एक बॉडीगार्ड ने उसे पकड़कर स्टेज से नीचे ले जाने की कोशिश की। हालांकि जॉन ने तुरंत हस्तक्षेप किया और सुरक्षा कर्मी को रोकते हुए फैन से कुछ पल बातचीत की। इस दौरान फैन बेहद भावुक नजर आया।
सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर जॉन अब्राहम के व्यवहार की काफी सराहना हो रही है। कई यूजर्स ने उन्हें जमीन से जुड़ा और विनम्र अभिनेता बताया। एक यूजर ने लिखा, जॉन सच में अपने फैंस की कद्र करते हैं।" वहीं दूसरे यूजर ने टिप्पणी की, "उन्होंने अपने फैन का दिन बना दिया। हालांकि कुछ लोगों ने इस घटना को पीआर स्टंट भी बताया। कुछ यूजर्स का कहना है कि ऐसे वीडियो चर्चा और सोशल मीडिया एंगेजमेंट बढ़ाने के लिए भी तैयार किए जाते हैं। हालांकि इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिल्मों में लगातार सक्रिय हैं जॉन अब्राहम
वर्क फ्रंट की बात करें तो जॉन अब्राहम हाल ही में Tehran में नजर आए थे, जो ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई थी। इससे पहले वह The Diplomat में दिखाई दिए थे। फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी।
राकेश मारिया की बायोपिक और 'फोर्स 3' में आएंगे नजर
जॉन अब्राहम इन दिनों पूर्व मुंबई पुलिस आयुक्त Rakesh Maria के जीवन पर आधारित बायोपिक की तैयारी में जुटे हैं, जिसका निर्माण Rohit Shetty के प्रोडक्शन हाउस के तहत किया जा रहा है। इसके अलावा वह अभिनेता Harshvardhan Rane के साथ बहुप्रतीक्षित फिल्म Force 3 पर भी काम कर रहे हैं, जिसकी शूटिंग जारी है।