अमेठी में वोट पड़ने के बाद राजनीतिक पारा सामान्य

Update: 2024-05-22 16:31 GMT

अमेठी/स्वामीनाथ शुक्ल। अमेठी में वोट पड़ने के बाद राजनीतिक पारा सामान्य हो गया है। जिससे महीने भर की चुनावी सरगर्मी अब जीत-हार के आकलन में उलझ गई है। लेकिन चाय-पान की दुकानों पर हार-जीत का गुणा-भाग शुरू हो गया है। सोमवार को मतदान होने के बाद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी छठे चरण के चुनाव प्रचार में निकल गई है। स्मृति ईरानी भाजपा की स्टार प्रचारक हैं। जबकि किशोरी लाल शर्मा अमेठी में डटे हैं। जिससे कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं का आना-जाना बराबर लगा है। चाय-पान की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है। राजनीति में दिलचस्पी रखने वाले वक्त निकाल कर चौराहे की दुकानों पर पहुंच जाते हैं। हार-जीत के गुणा-भाग में कई बार गर्मी गर्मा और मारपीट तक की नौबत आ जाती है। लेकिन बीच-बचाव वाले मामले को संभाल लेते हैं। जिससे मारपीट नहीं होती है। हर छोटी-बड़ी बाजारों में दो चार दुकानें राजनीतिक होती है। गौरीगंज के पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश मिश्र मटियारी दो दिन से बूथ स्तर पर समीक्षा करने के बाद कहा कि स्मृति ईरानी का आगे भी जलवा कायम रहेगा।


कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि उन्हें अमेठी की जनता पर पूरी तरह से भरोसा है। बाकी जनता के दिल की बात कोई नहीं जानता है। राजनीतिक पंडितों का कहना है कि इस बार साइलेंट वोटिंग हुई है। जिससे हार-जीत का आकलन करना मुश्किल है। पहले वोटर मतदान के बाद खुल जाता था। लेकिन इस बार वोटर मतदान के बाद चुप्पी साध लिए है। अमेठी में 17,96,098 लाख वोटर में 9,76,053 लाख वोट पड़े हैं। इसमें पुरुष वोट 4,83,188 लाख और महिला 4,92,861 वोट पड़े हैं। अमेठी लोकसभा में पुरुषों की अपेक्षा 9,673 वोट महिलाओं के ज्यादा पड़े हैं। अमेठी में 13 उम्मीदवार मैदान में थे। इसमें भाजपा से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और कांग्रेस से किशोरी लाल शर्मा आमने-सामने थे। किशोरी लाल शर्मा पहली दफा चुनावी पिच पर उतरे हैं। लेकिन स्मृति ईरानी गुजरात से राज्यसभा सांसद और अमेठी से सांसद बन चुकी है। चार जून को चुनाव परिणाम आएंगे। 

Tags:    

Similar News