SwadeshSwadesh

चंडीगढ़ में मेयर पद पर भाजपा का कब्जा, आप सबसे ज्यादा सीट लाकर भी रही दूर

Update: 2022-01-08 13:30 GMT

 चंडीगढ़।  भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर से चंडीगढ़ नगर निगम में मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर तथा डिप्टी मेयर के पदों पर काबिज हो गई है।सर्वाधिक सीटें जीतकर निगम में पहुंचने वाली आम आदमी पार्टी को किसी भी सीट पर जीत हासिल नहीं हुई है। मेयर व अन्य पदों के लिए शनिवार को दिन भर भारी हंगामे के बीच मतदान प्रक्रिया चलती रही। आम आदमी पार्टी के भारी हंगामे के चलते डिप्टी मेयर पद का चुनाव ड्रा के माध्यम से किया गया। संयोग से यह भी भाजपा के खाते में आया है।

35 सीटों वाले चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी को 14, भारतीय जनता पार्टी को 12, कांग्रेस को आठ तथा शिरोमणि अकाली दल को एक सीट पर जीत हासिल हुई थी। चुनाव के बाद कांग्रेस का एक पार्षद भाजपा में शामिल हो गया, जिसके चलते भाजपा पार्षदों की संख्या 13 हो गई। सांसद की एक वोट भी भाजपा के खाते में जाने के बाद यहां भाजपा व आम आदमी पार्टी पार्षदों की संख्या 14-14 हो गई।शनिवार को मेयर पद के चुनाव के लिए आज जैसे ही सांसद किरण खेर वोट डालने के लिए उठीं तो आप पार्षदों ने हंगामा कर दिया। कांग्रेस तथा शिरोमणि अकाली दल ने वोटिंग प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लिया। इसके बाद हुई वोटिंग के दौरान आम आदमी पार्टी और भाजपा दोनों उम्मीदवारों को 14-14 वोट पड़े थे, लेकिन आप का एक वोट अवैध होने से उसे रद्द कर दिया गया।

जिला उपायुक्त ने भाजपा की सरबजीत कौर को मेयर घोषित कर दिया। इसके बाद आप पार्षदों ने हंगामा शुरू कर दिया। आम आदमी पार्टी का जो वोट खारिज हुआ है, वह बैलेट पेपर थोड़ा सा फट गया था, इसीलिए उसे खारिज किया गया है। इसके बाद भाजपा उम्मीदवार सरबजीत कौर को एक वोट से विजेता घोषित किया गया। इसके बाद से दोनों दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा हंगामा किया जा रहा है। मौके पर पुलिस पहुंच गई है।आप पार्षदों ने मेयर की कुर्सी पर कब्जा कर लिया और वहां लगा माइक तक उखाड़ दिया। हंगामे के चलते कई घंटे तक सीनियर डिप्टी मेयर तथा डिप्टी मेयर पदों की वोटिंग प्रक्रिया रुकी रही। आप कार्यकर्ताओं ने निगम कार्यालय का घेराव करके धरना भी दिया।

मेयर चुनाव के बाद सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के लिए मतदान हुआ तो सीनियर डिप्टी मेयर पद पर भी भाजपा का कब्जा हो गया। भाजपा के दिलीप शर्मा ने आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार प्रेमलता को हराया है। दिलीप को 15 वोट और प्रेमलता को 13 वोट मिले हैं। सीनियर डिप्टी मेयर चुनाव में आम आदमी पार्टी के एक पार्षद ने क्रॉस वोटिंग की है, जिसके चलते प्रेमलता को 14 की बजाय 13 ही वोट मिले।डिप्टी मेयर पद पर भी भाजपा ने बाजी मार ली। डिप्टी मेयर पद पर चुनाव लड़ रहे अनूप गुप्ता व रामचंद्र यादव को 14-14 वोट मिलने के कारण यह चुनाव ड्रा हो गया है। मेयर ने ड्रा के माध्यम से फैसला किया। यह ड्रा भी अनूप गुप्ता के नाम का निकला। उसके बाद चंडीगढ़ नगर निगम की इन तीनों महत्वपूर्ण सीटों पर भाजपा का कब्जा हो गया।

Tags:    

Similar News