अनुनय एज्युकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी ने आयोजित किया ऊर्जस्विता-2026, 25 महिलाओं को सम्मानित किया

Update: 2026-01-08 03:29 GMT

 महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा है कि शिक्षा, नशामुक्ति और महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में समाजसेवी संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास न केवल समाज को नई दिशा देते हैं, बल्कि प्रदेश और देश के विकास में भी ठोस योगदान सुनिश्चित करते हैं।

मंत्री सुश्री भूरिया होटल प्रबंधन संस्थान, भोपाल में आयोजित ऊर्जस्विता-2026 कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया और सम्मानित होने वाली विभूतियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पशुपालन मंत्री लखन पटेल, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे और भोपाल की महापौर मालती राय भी मौजूद रहीं।

सुश्री भूरिया ने कहा कि आज जिन महिलाओं को सम्मानित किया गया है, वे अपने-अपने क्षेत्रों में अलग मुकाम हासिल कर चुकी हैं। यह निश्चित रूप से बड़ी संख्या में अन्य महिलाओं को भी समाज और देश के लिए बेहतर योगदान करने की प्रेरणा देगा।

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि महिलाएं और बेटियां दो घरों का मान रखती हैं। उनकी सामाजिक सक्रियता कल का निर्माण करती है, वहीं परिवार को भी आगे बढ़ाने में उनकी विशेष भूमिका रहती है।

25 महिलाओं को सम्मानित किया गया

अपने साहस, कड़ी मेहनत और अनूठे कार्यों के लिए 25 महिलाओं को ऊर्जस्विता सम्मान से नवाजा गया। इनमें शामिल हैं:

  • ग्वालियर – डॉ. महिमा तारे (महिला सशक्तिकरण)
  • इंदौर – डॉ. सीमा अलावा (प्रशासनिक सेवा)
  • महामंडलेश्वर देवी माँ शिवांगी नंद गिरी (अध्यात्म, उज्जैन)
  • अनुपमा जोशी (डिफेंस सर्विसेस, उत्तराखंड)
  • डॉ. स्मिता रिछारिया (लेखन, नर्मदापुरम)
  • तान्या मरावी (आदिवासी कला)
  • दीप्ति ओग्रे (जनजातीय संस्कृति और उद्यमिता, छत्तीसगढ़)
  • अनुज्ञा शर्मा (स्पोर्ट्स)
  • शाजापुर – डॉली शर्मा (समाज सेवा)
  • प्रीति शर्मा जैन (प्रिंट मीडिया)
  • डॉ. प्रिया सिंह कुशवाह (स्वास्थ्य सेवा)
  • गुंजन चौकसे (राजनीति)
  • विनीता सिंह तोमर (समाज सेवा)
  • जया शर्मा (इलेक्ट्रॉनिक मीडिया)
  • मुद्रा केसवानी (इन्फ्लुएंसर)
  • तरु सक्सेना (आतिथ्य और शिक्षा)
  • अविशी श्रीवास्तव (शिक्षा और प्रशिक्षण)
  • डॉ. मनेन्द्र कटियार (लोक स्वास्थ्य)
  • डॉ. राखी माहेश्वरी (स्वास्थ्य सेवा प्रशासन, भोपाल)
  • नमिता छेत्री (सामाजिक उद्यमिता, दिल्ली)
  • डॉ. श्वेता गर्ग (सामुदायिक विकास, छतरपुर)

इसके अतिरिक्त, श्रीमती जयश्री कियावत को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। वे सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी हैं और शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा ग्रामीण आजीविका सहित कई विभागों में सेवाएं देते हुए सामाजिक बदलाव और नवाचार का उदाहरण रही हैं।

जयश्री कियावत: प्रेरक नेतृत्व का उदाहरण

जयश्री कियावत ने क्षमता निर्माण, ट्रेनर्स की ट्रेनिंग और इनोवेटिव लर्निंग तरीकों के माध्यम से शिक्षा और कौशल विकास में स्थायी योगदान दिया है। उनके प्रयासों को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर ट्रेनर के लिए मान्यता प्राप्त उपयोगकर्ता के रूप में प्रमाणित किया है।


Tags:    

Similar News