दिल्ली के जिम में ताबड़तोड़ गोलीबारी, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने ली जिम्मेदारी

दिल्ली के पश्चिम विहार में एक जिम के बाहर फायरिंग हुई। गोलीबारी में किसी को चोट नहीं आई है। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने जिम्मेदारी ली।

Update: 2026-01-13 15:10 GMT

नई दिल्लीः देश की राजधानी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में एक जिम के बाहर गोलीबारी की घटना सामने आई है। बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने ‘आरके फिटनेस’ नामक जिम के बाहर गोलीबारी कर दी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई।

पुलिस के अनुसार, यह घटना आउटर रिंग रोड स्थित जिम के बाहर रात करीब 11 बजे हुई। हमलावरों ने मौके पर दो राउंड फायर किए और फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। वहीं, जिस जिम में फायरिंग हुई है, वह रोहित खत्री नाम के शख्स पर बताया जा रहा है। रोहित सोशल मीडिया में काफी एक्टिव रहते हैं और एक इंफ्लुएंसर है।

सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस

घटना की जांच कर रही पुलिस ने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं, फायरिंग को लेकर बड़ा चौंकाने वाला दावा सामने आया है।

लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने ली जिम्मेदारी

घटना को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई है, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने इस गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में जिम के मालिक का नाम लेते हुए धमकी दी गई है। दिल्ली पुलिस इस पोस्ट की सत्यता की जांच कर रही है। इसको लेकर पोस्ट में दावा करते हुए लिखा गया कि आज (RK फिटनेस, रोहित खत्री) दिल्ली के पश्चिम विहार में जिम में फायरिंग हुई. यह फायरिंग मैंने, रणदीप मलिक और अनिल पंडित ने की है। मैंने उसे कॉल किया, उसने कॉल इग्नोर किया, इसलिए यह करना पड़ा। दावा करने वालों ने धमकी दी कि अगर अगली बार तुमने कॉल का जवाब नहीं दिया, तो मैं तुम्हें दुनिया से खत्म कर दूंगा।

साथ ही, लिखा गया कि जो भी लॉरेंस भाई के दुश्मन हैं, वे जिंदगी भर दुश्मन रहेंगे मौत तक। मैं अपने भाई के लिए जीता हूं और मैं सिर्फ बात करने में नहीं, करके दिखाने में विश्वास रखता हूं। पोस्ट में कई अन्य आपराधिक गिरोहों के नामों का भी उल्लेख किया गया है।

पुलिस ने जांच की तेज

दिल्ली पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट को गंभीरता से लिया जा रहा है। साइबर सेल और क्राइम ब्रांच को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के पीछे जबरन वसूली या आपसी रंजिश का मामला है या नहीं।

पुलिस का कहना है कि दिल्ली की घटना में किसी के हताहत न होने के बावजूद मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और दोषियों को जल्द पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Tags:    

Similar News