बारिश, कोहरा और तेज हवाएं: उत्तर भारत में मौसम का तिहरा अलर्ट!

उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश, कोहरा और तेज हवाओं का अलर्ट, कई राज्यों में मौसम बिगड़ा।

Update: 2026-01-27 17:11 GMT

नई दिल्लीः उत्तर भारत के लोग इन दिनों मौसम की तिहरी मार झेल रहे हैं। कहीं कड़ाके की ठंड है तो कहीं तेज धूप और बीच-बीच में बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और आसपास के इलाकों के लिए पूरे दिन बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

बीते कुछ घंटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में घने से लेकर बेहद घने कोहरे की स्थिति बनी रही। पंजाब, पूर्वी मध्य प्रदेश और मेघालय के कुछ इलाकों में भी घना कोहरा देखने को मिला, जबकि हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड का असर साफ नजर आया। दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली चमकने के साथ बारिश दर्ज की गई और तेज हवाओं ने ठंड का असर और बढ़ा दिया।

उत्तर भारत में मौसम बदलाव की वजह

मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव की वजह उत्तरी पाकिस्तान के निचले क्षोभमंडल में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ है, जो एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में मौजूद है। यह प्रणाली मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में पश्चिमी पवन प्रवाह से जुड़ी हुई है और करीब 65 डिग्री पूर्वी देशांतर और 22 डिग्री उत्तरी अक्षांश के आसपास फैली हुई है।

इस पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर एक प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण विकसित हुआ है। मध्य भारत में हवाओं का आपसी संगम देखा जा रहा है, जबकि अरब सागर से उत्तर-पश्चिम भारत और उससे सटे मध्य भारतीय क्षेत्रों की ओर नमी युक्त हवाओं का प्रवाह लगातार बना हुआ है।

उत्तर-पूर्वी भारत के ऊपर उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम भी सक्रिय है, जिसमें समुद्र तल से लगभग 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर हवाओं की गति करीब 135 समुद्री मील प्रति घंटा रिकॉर्ड की जा रही है। इसके अलावा, मौसम विभाग ने 30 जनवरी 2026 की रात से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने वाले एक नए पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना जताई है।

कैसा है यूपी का मौसम

उत्तर प्रदेश में फिलहाल कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही 29 जनवरी की सुबह और रात के समय राज्य के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर अब उत्तर प्रदेश में भी साफ दिखाई देने लगा है।

क्या कहता है मौसम विभाग का पूर्वानुमान?

मौसम विभाग के मुताबिक 28 जनवरी को उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ व्यापक स्तर पर बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है, जबकि कुछ स्थानों पर हवाओं की गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

इसी तरह 28 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी गरज-चमक, बारिश और तेज हवाओं के हालात बने रह सकते हैं। छत्तीसगढ़ में इस दिन गरज और बिजली के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। बिहार में छिटपुट इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं सिक्किम के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि 30 जनवरी 2026 की रात से आने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से 1 और 2 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत से सटे मैदानी इलाकों में छिटपुट से लेकर व्यापक स्तर तक बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।

Tags:    

Similar News