वैश्य समाज के एक भी नेता को टिकट नहीं तो उपेक्षा बर्दाश्त नहीं करेंगे
जबकि यह समाज ग्वालियर में किसी भी विधानसभा सीट को जिताने में अपनी भूमिका अदा करता आ रहा है
ग्वालियर। जिले की किसी भी विधानसभा से वैश्य समाज के एक भी नेता को टिकट नहीं दिए जाने से सर्व वैश्य समाज खफा हैं। इसे लेकर शुक्रवार को समाज के पदाधिकारियों ने बाकायदा एक पत्रकार वार्ता लेकर बड़े राजनीतिक दलों को चेताते हुए कहा कि वैश्य समाज की यह उपेक्षा महंगी पड़ेगी। सर्व वैश्य समाज के हरिदास अग्रवाल, श्रीराम गोयल, युवा अध्यक्ष विवेक गुप्ता, महेश गर्ग, मुकेश अग्रवाल, सागर अग्रवाल, अनूप अग्रवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि राजनीतिक दलों ने वैश्य समाज को केवल चंदा देने वाला समझा है। जबकि यह समाज ग्वालियर में किसी भी विधानसभा सीट को जिताने में अपनी भूमिका अदा करता आ रहा है।
उन्होंने मांग रखी कि राजनीतिक पार्टियों को वैश्य समाज के मुन्नालाल गोयल, सुधीर गुप्ता, डॉ. प्रवीण अग्रवाल, रमेश अग्रवाल, डॉ. रामबाबू गोयल, हेमंत गुप्ता, समीक्षा गुप्ता, आशीष अग्रवाल जैसे सक्रिय नेताओं में से किसी एक को टिकट देना चाहिए। इनकी उपेक्षा से वैश्य समाज आहत हुआ है। हम इस चुनाव में किसी अन्य दल से प्रत्याशी उतारने पर विचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज सेवा, कर जमा करने में यह समाज सबसे अग्रणी हैं। प्रदेश की अर्थ व्यवस्था में भी अहम योगदान है। टिकट नहीं मिलने की स्थिति में समाज के प्रबुद्ध लोग मिल बैठकर आगे की रणनीति पर विचार करेंगे और मत डालने नहीं जाएंगे