ग्वालियर । वर्तमान मौसम में पहली बार न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में भी आंशिक गिरावट दर्ज की गई है। मौसम के जानकारों का कहना है कि वायु प्रदूषण की वजह से न्यूनतम तापमान में अभी और ज्यादा गिरावट की संभावना कम है। फिलहाल यह 12 से 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही टिका रहेगा।
दीपावली से पहले दिन में हल्की गर्मी और रात में हल्की सर्दी का असर था लेकिन दीपावली के दूसरे दिन से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। दिन और रात के तापमान में आंशिक रूप से ही सही, गिरावट का क्रम जारी है। पिछले तीन दिन से सुबह-शाम और रात्रि में हल्की सर्दी असर दिखाने लगी है। स्थानीय मौसम विज्ञानी हुकुम सिंह ने बताया कि पिछले दिनों उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी, मैदानी क्षेत्रों में बारिश और उत्तर-पश्चिम से आ रहीं ठंडी हवाओं की वजह से मौसम में बदलाव आया है। चूंकि ग्वालियर में पिछले कुछ दिनों से वायु प्रदूषण सामान्य से अधिक बना हुआ है। बुधवार को भी ग्वालियर शहर में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 154 पर रहा। इस वजह से अभी न्यूनतम तापमान में और ज्यादा गिरावट की संभावना कम है। फिलहाल दिन व रात का तापमान सामान्य स्तर पर बना रहेगा।
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में बुधवार को अधिकतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस आंशिक गिरावट के साथ 28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान भी 1.2 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 0.7 डिग्री सेल्सियस कम है। इससे पहले सबसे कम 12.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दीपावली के दूसरे दिन 13 नवम्बर को दर्ज किया गया था। आज सुबह हवा में नमी 91 और शाम को 66 प्रतिशत दर्ज की गई।