SwadeshSwadesh

सुपरफास्ट व एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए ट्रैक हो रहा है विकसित

Update: 2020-08-28 01:00 GMT
Demo Pic

ग्वालियर, न.सं.। दिल्ली-झांसी ट्रैक व्यस्ततम रूटों में से एक है। इस मार्ग पर यात्रियों विशेषकर पर्यटकों की सुविधा को अप्रैल, 2016 में दिल्ली-झांसी के बीच सप्ताह में छह दिन (शुक्रवार को छोड़कर) देश की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस की शुरुआत की गई थी। इसके लिए वर्ष 2015 में दिल्ली-आगरा के बीच ट्रैक को सेमी हाई स्पीड ट्रेन के संचालन के योग्य बनाया गया था। कई कर्व को ठीक करने के साथ सिग्नल व ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) लाइन को ठीक किया गया था। अब दिल्ली से भोपाल के बीच सुपरफास्ट व एक्सप्रेस ट्रेनों की रफ्तार 130 किमी की रफ्तार से चलाने की योजना है। इसके चलते दिल्ली-आगरा और आगरा-झांसी के बीच ट्रैक को इस योग्य बनाया जा रहा है कि उस पर 130 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से ट्रेन दौड़ सकें।

बताया जा रहा है कि आगरा-दिल्ली के बीच जल्द ही 160 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से ट्रेनें दौड़ती हुई नजर आएंगी। देश के पहले सेमी हाई स्पीड ट्रैक को हाई स्पीड ट्रैक में बदलने के लिए ट्रैक को विकसित किया जा रहा है। कई चरणों में यह काम होना है। अभी इस ट्रैक पर करीब 160 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गतिमान एक्सप्रेस चलती है।

आगरा-पलवल के बीच विकसित हुआ ट्रैक

लॉकडाउन में रेलवे ने आगरा-पलवल, मथुरा के बीच ट्रैक को विकसित किया है। यह काम कई चरणों में पूरा किया। एक भाग में काम होने के बाद ट्रैक चेक किया जाता है। इसमें ट्रैक, ओएचई, सिग्नल आदि अपग्रेड किए जा रहे हैं।

60 फीसदी बन चुकी है दीवार

दिल्ली-आगरा के बीच गतिमान एक्सप्रेस अप्रैल, 2016 में शुरू हुई थी। यह ट्रेन करीब 160 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चलती है। रेलवे लाइन पर जानवरों व लोगों को रोकने के लिए ट्रैक के किनारे-किनारे दीवार बनाने का तब निर्णय हुआ था। रेलवे ट्रैक को सुरक्षित बनाने के लिए उसके किनारे-किनारे दीवार बनाई जा रही है। इसका काम करीब 70 फीसदी तक हो चुका है।  

Tags:    

Similar News