विवाहित प्रेमिका के घर छात्र ने स्वयं मारी गोली

इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती, घायल छात्र पर प्राथमिकी

Update: 2023-11-25 00:00 GMT

ग्वालियर, न.सं.। झाँसी रोड थाना क्षेत्र में विवाहिता महिला मित्र के घर में पहुंचे छात्र से जब उसने मिलने से मना कर दिया तो उसने गोली मार ली। महिला ने छात्र को कमरे में बंद कर दिया था और पति को सूचना कर दी। कमरे में फंसने और हंगामा होने पर छात्र ने बचने के लिए गोली मारकर महिला के पति पर गोली मारने का आरोप लगाने लगा। लेकिन पुलिस ने गोली कांड की सच्चाई का पर्दाफाश करते हुए घायल छात्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

देवनगर में रहने वाले नीरज उर्फ विकास पुत्र कैलाश परिहार 20 वर्ष का पड़ोसी विवाहित महिला से जून माह में इंस्टाग्राम पर पहचान हुई थी और फिर दोनों के बीच आपस में बातचीत होने लगी थी। नीरज की करतूत का महिला मित्र के पति को पता चला उसने विरोध किया। नीरज शुक्रवार दोपहर के समय चोरी छिपे महिला के घर पर पहुंचा गया और जबरन बात करने का प्रयास करने लगे। महिला और उसकी सास ने नीरज को घर से जाने की कहा तो वह धमकी देने लगा लगा कि मेरे पास कट्टा है और में गोली मार लूंगा। महिला ने नीरज को किसी तरह कमरे में बंद कर दिया और बाहर से चटकनी लगा दी। नीरज को कमरे में बंद करने के बाद महिला ने अपने पति को फोन कर दिया।


पति को जैसे ही नीरज के घर आने और उसे कमरे में बंद करने का पता चला तो उसने अपने दोनों साले घर भेज दिए। यह सुनकर नीरज घबरा गया और उसने पेट की खाल पकड़ी और गोली मार ली। कमरे से गोली की आवाज सुनकर महिला ने दरवाजा खोल दिया। कमरे से बाहर निकलकर नीरज गिर पड़ा। महिला के घर में गोली चलने की आवाज सुनकर बस्ती के लोग जमा हो गए। गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां पर पहले वह महिला के पति द्वारा गोली मारने का आरोप लगा रहा था लेकिन बाद में उसने सच्चाई बता दी। पुलिस ने फोरेसिंक विशेषज्ञ डॉ. अखिलेश भार्गव को मौके पर बुलाया और घायल के हैंड स्वाश कराए। पुलिस ने नीरज के खिलाफ धारा 25/27, 452, 336, 12बी के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

एक कहानी यह भी

जिस समय नीरज परिहार महिला मित्र के घर गया था उस समय उसकी सहेली भी घर पर थी। दोनों बातचीत कर रही थीं तभी किसी बात को लेकर बहस होने पर नीरज ने महिला पर कट्टा अड़ा दिया। सहेली घबरा गई और छत के रास्ते भाग गई। तभी नीरज ने स्वयं गोली मार ली।

नीरज ने महिला के घर जाकर स्वयं को गोली मारी है। उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

रशीद खान

झाँसी रोड थाना प्रभारी 

Tags:    

Similar News