नव संवत्सर के राजा होंगे शनि महंगाई नहीं होगी कम

Update: 2019-03-26 19:41 GMT

ग्वालियर/न.सं.। नवरात्रि का पर्व छह अप्रैल शनिवार (विक्रम सम्बत 2076) से शुरू होने जा रहा है। इस नव संवत्सर के राजा शनि और मंत्री सूर्य होंगे जो मनुष्य पर कई प्रकार के प्रभाव डालेंगे। इस दौरान महंगाई कम होने वाली नहीं है और यथास्थिति में रहेगी।

ज्योतिषाचार्य डॉ. एच.सी. जैन के अनुसार इस नव संवत्सर के राजा शनि होने से देश की जनता महंगाई से पीडि़त रहेगी। राजनीति में आरोप व प्रत्यारोप का दौर चलता रहेगा। इस नव संवत्सर में मंत्री सूर्य होने से प्रजा भयभीत रहेगी और चोरी-डकैती आदि की घटनाएं बढ़ेंगी। मंगल सस्येश होने से लोग रोग आदि से पीडि़त रहेंगे। चन्द्रमा धान्येश होने से इस वर्ष अच्छी वर्षा की उम्मीद है। साथ ही अनाज की पैदावार भी अच्छी होगी। गुरू रसेश होने से प्रजा में सुख रहेगा। मंगल नीरसेश होने से लाल रंग की वस्तुएं महंगी रहेंगी।

नव वर्ष लग्न प्रवेश पांच अप्रैल से शुरू होगा

ज्योतिषाचार्य ने बताया कि नव वर्ष प्रवेश लग्न पांच अप्रैल को दोपहर दो बजकर 20 मिनट से शुरू होगा। इस समय कर्क लग्न होगा। वर्ष भर गुरु-शनि की युति, शनि, केतु का धनु राशि में साथ व अन्य ग्रह योगों से वर्ष भर सीमा पर अनावश्यक तनाव रहेगा। भ्रष्टाचार पर नकेल अंतरराष्ट्रीय व्यापार में वृद्धि शैक्षिक, वैज्ञानिक तकनीक के क्षेत्र में देश उन्नति करेगा। पड़ोसी देश से युद्ध के हालात बनते रहेंगे। जनता दुखी होकर सडक़ों पर आंदोलन करेगी। 

Similar News