अप ट्रैक पर बने हैं रेलवे के कार्यालय, ग्वालियर को लेकर भी असमंजस
ग्वालियर/न.सं.। झांसी से मथुरा के बीच बिछाई जा रही रेलवे की तीसरी लाइन के लिए दतिया, सोनागिर समेत अप ट्रैक पर बने सभी भवन टूटेंगे। अनारक्षित व आरक्षण कार्यालय ,जीआरपी, आरपीएफ केंटीन को दूसरी जगह भेजा जाएगा। 30 मीटर के दायरे में आने वाले सभी भवन हटेंगे, किंतु पहले नए भवन दो साल में बनकर तैयार होंगे। इसके बाद इन्हें तोडऩे की प्रक्रिया शुरू होगी।
इन भवनों के निर्माण का कार्य कंपनी तेजी से कर रही है। तीसरी लाइन डाले जाने से ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी लेकिन इससे पहले करोड़ों की लागत से बने दतिया, सोनागिर, कोटरा, डबरा समेत उन स्टेशनों पर बने सारे कार्यालय तोड़े जाएंगे जो कि अप टै्रक पर हैं। वजह है कि 18 मीटर में तो ट्रैक ही बनाए जाएंगे। इसके बाद शुरू होगा भवनों का निर्माण। प्लेटफार्म नंबर एक की तरफ बने सारे भवन टूटेंगे और दूसरे स्थान पर पीछे की ओर बनेंगीं। तीसरी लाइन का काम रेल विकास निगम करा रहा है। उधर धौलपुर से झांसी के मध्य चौथी नई रेल लाइन डाली जाएगी। इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। बताया जा रहा है कि अधिकारियों ने इस लाइन पर सर्वे करना भी शुरू कर दिया है। इस सर्वे के लिए एक करोड़ तैंतीस लाख रुपए का टेंडर हो गया। इंजीनियरों की टीम 163 किलोमीटर लंबी रेल लाइन के बीच पडऩे वाले 24 स्टेशनों को ध्यान में रखते हुए सर्वे कर रही है। सर्वे रिपोर्ट के बाद नई लाइन बिछाने व ब्रिज बनाने का काम शुरू होगा। इस लाइन पर सिर्फ सुपर फास्ट गाडिय़ों को चलाया जाएगा।
लोगों को मिलेगी राहत
रेल विकास निगम के सूत्रों के मुताबिक तीसरी लाइन डाले जाने से न केवल गाडिय़ों के संचालन में बाधा कम होगी बल्कि उनकी रफ्तार भी बढ़ेगी। इस काम की शुरुआत करीब दो साल पहले हुई थी। अगले तीन साल में लाइन का काम पूरा होने से यात्रियों को राहत मिलेगी।
ढाई हजार करोड़ की है योजना
झांसी से मथुरा के बीच ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने के लिए रेलवे ने जो कार्ययोजना बनाई है। उसके तहत रेल विकास निगम लिमिटेड ने सभी स्टेशनों पर निर्माण व जमीनों का नक्शा बनाकर उच्चाधिकारियों को दे दिया है। हालांकि रेलवे स्टेशनों के आउटर पर तीसरी लाइन डाले जाने का काम तेजी से चल रहा है। लेकिन अभी स्टेशनों के अंदर काम शुरू इसलिए नहीं किया जा सका है कि इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
बानमौर तक हो चुका है समतलीकरण
तीसरी लाइन का काम काफी तेजी से चल रहा है। रायरू और बानमौर क बीच समतलीकरण के कार्य की शुरुआत हो गई है। बताया जा रहा है कि जल्द ही अब इस लाइन के लिए रेलवे विकास निगम के अधिकारी झांसी मंडल के अधिकारियों के साथ ग्वालियर रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण कर सकते हैं।
प्लेटफार्म नंंबर दो पर कार्यालय स्थानांतरित करने की योजना
रेल विकास निगम की इच्छा तो है कि रेलवे स्टेशन पर जितने भी कार्यालय हैं, उन्हें प्लेटफॉर्म नंबर दो पर शिफ्ट किया जाए लेकिन दतिया स्टेशन पर पहले से ही तमाम गोदाम बने हुए हैं। डबरा व सोनागिर स्टेशन की इमारतों को भी प्लेटफार्म नंबर दो की ओर स्थानांतरित करने पर मंथन चल रहा है।