प्रेमी के लिए पति को मौत के घाट उतारा

Update: 2019-03-19 18:19 GMT


♦ मृदुल ने थाने में किया आत्म समर्पण पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की थी साड़ी कारोबारी की हत्या

ग्वालियर/न.सं.। जैसा कि साड़ी कारोबारी हेमंत जैन की हत्या वाले दिन से ही पत्नी और उसके प्रेमी पर अवैध संबंध के चलते हत्या करने का संदेह था, वह मृदुल के थाने में आत्म समर्पण के साथ ही राजफाश हो गया। अपने से लगभग 13 वर्ष छोटे प्रेमी को जीवन साथी बनाने के लिए पत्नी ने अपने ही पति को मौत के घाट उतारा था। अवैध संबंध में रोड़ा बने पति की हत्या की योजना पत्नी ने बनाई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनसे हत्या के संबंध में और पूछताछ प्रारंभ कर दी है। यहां बता दें कि प्रीति की उम्र 40 वर्ष तो मृदुल की उम्र करीब 27 वर्ष है।

शांति मोहन रेसीडेंसी में रविवार को साड़ी कारोबारी हेमंत जैन की हत्या पत्नी प्रीती जैन ने अपने प्रेमी मृदुल गुप्ता के साथ मिलकर की थी। मृदुल ने मंगलवार को इन्दरगंज थाने में आत्म समर्पण कर दिया। मृदुल ने हेमंत की हत्या का राजफाश करते हुए बताया कि प्रीति ने योजनाबद्ध ढंग से उसे घर पर बुलाया था। मृदुल गुप्ता अपने साथ दोस्त आदेश जैन को भी ले गया था। मृदुल और प्रीति ने हेमंत की गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया, लेकिन वह दोनों से भिड़ गया। हेमंत के विरोध करते ही मृदुल ने हाथ में पहने कड़े से ताबड़तोड़ प्रहार करना शुरू कर दिया। जबकि प्रीति भी उसके साथ पति की हत्या करने में जुट गई। प्रीति ने पुलिस पूछताछ में बताया कि हमला करते समय हेमंत के सिर पर टेबल की नोक घुस गई जिससे गहरा घाव होने पर उसकी मौत हो गई थी। प्रीति हेमंत को छोड़ने के बाद मृदुल के साथ जीवन बिताने का सपना संजोए थी। इसीलिए अवैध संबंध में रोड़ा बन रहे हेमंत को मौत के घाट उतारने के बाद भी उसे कोई मलाल नहीं है।

दो दिन से खिला रही थी नींद की गोलियां

हेमंत को पता ही नहीं था कि जिस घर में वह रह रहा है वहां उसकी मौत का ताना-बाना बुना जा रहा है। हेमंत जिस दिन सूरत से लौटा था उस दिन से ही प्रीति उसे नींद की गोलियां खिला रही थी। रविवार को तो वह सुबह से भी नहीं उठा था। नशा ज्यादा होने के कारण प्रीति ने प्रेमी को बुला लिया, जबकि बेटा कोचिंग गया था और बेटी को बुआ के घर भेज दिया था।

स्टेशन पर गुजारी रातें

मृदुल गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह भागकर बाहर कहीं नहीं गया था, रेलवे स्टेशन के बाहरी क्षेत्र में दो रातें गुजारी थी। जबकि पुलिस मृदुल के परिवार पर लगातार उसे पकड़वाने का दबाव बना रही थी। हत्या के दिए आदेश जैन को मृदुल अपने साथ पैसे लाने की कहकर ले गया था। जब हेमंत के साथ उसने वारदात को देखा तो वह एक मिनट बाद ही कमरे से बाहर निकल आया था। अब पुलिस आदेश की हत्या में क्या भूमिका थी उसकी जांच-पड़ताल कर रही है। सूत्रों की माने तो आदेश को इस हत्याकांड से बचा लिया जाएगा। मृदुल के समर्थन में कुछ वकील इंदरगंज थाने पहुंचे।

मृदुल को बचा लो मुझे कुछ भी हो जाए

पुलिस हिरासत में बैठी प्रीति अब प्रेमी मृदुल के बचाव में खुलकर सामने आ गई है। प्रीति पुलिस से कह रही है कि मुझे कुछ भी हो जाए लेकिन मृदुल को बचा लो। मृदुल और प्रीति के अवैध संबंध नई सड़क से लेकर दही मंडी तक जगजाहिर थे। 

Similar News