SwadeshSwadesh

सराफा बाजार में इस बार सवा लाख कंडों की जलेगी होली

Update: 2019-03-17 17:58 GMT

ग्वालियर/न.सं. शहर की सबसे बड़ी सवा लाख कंडों की होली बुधवार की रात सराफा बाजार में जलाई जाएगी। शहर की सबसे बड़ी होली पिछले 80 वर्षों से सराफा बाजार में जलाई जाती रही है। इस बार की होली को लेकर सराफा बाजार में तैयारी भी शुरू हो गई है। बच्चों की परीक्षाओं का ध्यान रखते हुए इस बार सराफा बाजार में किसी प्रकार का डीजे और पार्टी का आयोजन नहीं किया जाएगा। होली सादगी पूर्ण ढंग से मनाई जाएगी।

शहर में होलिका का दहन अचलेश्वर मंदिर, सनातन धर्म मंदिर, राम मंदिर, दाल बाजार, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, नया बाजार, थाटीपुर, कोटेश्वर महादेव मंदिर, विनय नगर, दीनदयाल नगर, माधव नगर, चेतकपुरी, सिटी सेंटर सहित कई जगह किया जाएगा। होली को लेकर शहर में खरीदारी भी शुरू हो गई है। लोगों ने रंग, गुलाल के साथ-साथ पिचकारी भी खरीदना शुरू कर दी है।

15 फुट की होगी होली

सराफा बाजार व्यापार संघ के अध्यक्ष पुरुषोत्तम जैन ने बताया कि इस बार की होली 15 फुट की होगी। होली की तैयारी एक दिन पहले से की जाएगी। होली को तैयार करने के लिए नशेनियों का उपयोग तक किया जाता है, तब कहीं जाकर इतनी ऊंची होली तैयार होती है। श्री जैन ने बताया कि पिछले 80 वर्ष से सराफा बाजार में इतनी बड़ी होलिका का दहन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस बार परीक्षाओं का ध्यान रखते किसी प्रकार का डीजे आदि का उपयोग नहीं किया जाएगा। 

Similar News