महाशिवरात्रि पर शिवमय हुआ शहर

Update: 2019-03-05 05:12 GMT

लाखों लोगों ने किए भोलेनाथ के दर्शन, जगह-जगह बंटा प्रसाद

ग्वालियर, न.सं.

महाशिवरात्रि का त्यौहार सोमवार को शहर में श्रद्धा-भाव से मनाया गया। इस दिन पूरा शहर शिवमय नजर आया। अचलेश्वर, कोटेश्वर, गुप्तेश्वर, भूतेश्वर, चकलेश्वर सहित हर छोटे और बड़े शिव मंदिर पर भक्तों की जबरदस्त भीड़ रही। महाशिवरात्रि पर शहर में जगह-जगह स्टॉल लगाकर भगवान शिव का प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर अचलेश्वर, कोटेश्वर और गुप्तेश्वर मंदिर पर ढाई से तीन लाख लोगों ने भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। महाशिवरात्रि पर शिव मंदिरों में रविवार की रात 12 बजे से ही भक्तों का आना शुरू हो गया था। इसके बाद लोगों ने शिवजी की पूजा और अभिषेक किया। अचलेश्वर मंदिर में भगवान अचलनाथ का फूलबंगला व बाहर छप्पन भोग लगाया गया। भीड़ अधिक होने के कारण कई लोगों ने दूर से ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए। लाइन में लगकर भक्त दो घण्टे के बाद ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर सके।


स्टॉल लगाकर बांटा प्रसाद : महाशिवरात्रि पर भगवान शिव के भक्तों ने आलू, साबूदाना, फल, शर्बत एवं खीर आदि का प्रसाद वितरण किया। प्रसाद का वितरण देर रात तक चलता रहा।

गुप्तेश्वर से निकला चल समारोह: महाशिवरात्रि पर गुप्तेश्वर मंदिर से भगवान शिव का चल समारोह निकाला गया, जो लक्ष्मीगंज, हनुमान मंदिर, सराफा बाजार, इंदरगंज, जयेन्द्रगंज होता हुआ अचलेश्वर मंदिर पर पहुंचा। इस चल समारोह में भगवान शिव की प्रतिमा भी स्थापित की गई थी।

स्वच्छता अभियान की हुई अनदेखी अचलेश्वर महादेव सार्वजनिक न्यास द्वारा महाशिवरात्रि के लिए हर स्टॉल पर दो-दो डस्टबिन लगाने की बात कही थी। डस्टबिन लगे भी, लेकिन इन डस्टबिनों को खाली नहीं करने से गंदगी वहीं की वहीं पसरी रही। रात होते-होते सडक़ों पर भी गंदगी के ढेर लग गए।

51 क्विंटल फलाहार बांटा

राइज इंटरनेशनल स्कूल द्वारा महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर सोमवार को अचलेश्वर महादेव मंदिर पर 51 क्विंटल फलहारी प्रसाद का वितरण किया गया।

वंश ग्रुप ने कराया रात्रि जागरण

महाशिवरात्रि पर वंश गु्रप के वंश अग्रवाल, राहुल सिंघल, जीतेन्द्र बंसल, करण आदि द्वारा इंदरगंज चौराहे पर सोनू भजन मंडली द्वारा रात्रि जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें सुमधुर भजनों पर भक्त झूम उठे। इस अवसर पर प्रसाद वितरण किया गया।

दूध-दही से किया अभिषेक

महाशिवरात्रि पर भक्तों ने दूध, दही, जल और शहद से भगवान शिव का अभिषेक किया। इसके उपरांत भगवान शिव पर बेलपत्र और पुष्प अर्पित किए।

आज भी मनेगी महाशिवरात्रि

महाशिवरात्रि का त्यौहार मंगलवार को भी मनाया जाएगा। मंगलवार को शहर के सभी शिव मंदिर रात 12 बजे तक भक्तों के लिए खुले रहेंगे। पूजन और अभिषेक का कार्य मंगलवार के दिन भी होगा।

प्रभात फेरी निकाली

महाशिवरात्रि पर संत आशाराम बापू के भक्तों ने पिन्टो पार्क से धूमधाम से हरिनाम संकीर्तन प्रभात फेरी निकाली, जो राम मार्केट पिन्टो पार्क से प्रारंभ होकर सूर्य विहार, जडेरूआ, राम विहार, गायत्री विहार सहित विभिन्न कॉलोनियों में भ्रमण करते हुए वापस राम मार्केट पिन्टो पार्क पर पहुंचकर संपन्न हुई। प्रभात फेरी का जगह-जगह स्वागत किया गया। 

Similar News