शरद पूर्णिमा पर चंद्र ग्रहण करेगा राशियों को प्रभावित

चन्द्र ग्रहण के कारण भगवान को खीर का भी भोग नहीं लग पाएगा और मंदिरों के पट भी बंद रहेंगे

Update: 2023-10-21 23:30 GMT

ग्वालियर। इस बार 28 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा पर चन्द्र ग्रहण लगने जा रहा है। यह चन्द्र ग्रहण कई राशियों को भी प्रभावित करेगा। चन्द्र ग्रहण के कारण भगवान को खीर का भी भोग नहीं लग पाएगा और मंदिरों के पट भी बंद रहेंगे।

ज्योतिषाचार्य सतीश सोनी के अनुसार चांद प्रत्येक वर्ष में एक बार शरद पूर्णिमा की रात्रि को अपनी 16 कलाओं से परिपूर्ण होकर उदित होता है, लेकिन इस बार शरद पूर्णिमा की रात्रि को खंडग्रास चंद्र ग्रहण होने से चंद्र दर्शन नहीं हो सकेंगे और ना ही रात भर चंद्रमा की 16 कलाओं से युक्त खीर का स्वाद चखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि यह ग्रहण अश्वनी नक्षत्र एवं मेष राशि में घटित होगा। इस ग्रहण का सूतक दोपहर दिन में 4 बजकर 05 मिनट से प्रारंभ होगा। वहीं भारतीय समय अनुसार छाया प्रवेश रात्रि में 11:32 तथा स्पर्श काल रात्रि 1:05 पर, मध्य रात्रि 1:44 और मोक्ष 2:23 पर होगा।

राशियों पर ग्रहण का प्रभाव:-

यह ग्रहण मेष, वृषभ, कन्या, मकर राशि के लिए अशुभ रहेगा। ग्रहण सिंह, तुला, धनु, मीन राशि के लिए सामान्य रहेगा। साथ ही मिथुन, कर्क, वृश्चिक, कुंभ राशि के लिए शुभ व सुखद रहेगा। जिन राशि वालों को ग्रहण अशुभ फल देगा, उन्हें ग्रहण का दर्शन नहीं करना चाहिए।

यहां देखा जा सकेगा ग्रहण:-

यह ग्रहण भारत, अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, यूरोप, रूस, चीन, जापान, पाकिस्तान, श्रीलंका, इंडोनेशिया, इराक, ईरान, अफगानिस्तान, सऊदी अरब, हिंद महासागर में दिखाई देगा।

Tags:    

Similar News