16 दिसंबर से लगेगा खरमास, एक माह तक नहीं होंगे मांगलिक कार्य

मांगलिक कार्यक्रमों का सिलसिला 17 जनवरी से शुरू होगा।

Update: 2023-11-29 03:00 GMT

ग्वालियर। आगामी 16 दिसंबर से खरमास लगने जा रहा है जो 15 जनवरी तक रहेगा। इस दौरान मांगलिक कार्य नहीं होंगे। मांगलिक कार्यक्रमों का सिलसिला 17 जनवरी से शुरू होगा।

ज्योतिषाचार्य सुनील चोपड़ा ने बताया कि दिसंबर में सूर्य धनु राशि में दोपहर 3 बजकर 58 मिनट पर प्रवेश करेंगे। इसी के साथ खरमास यानी कि मलमास का प्रारंभ हो जाएगा। इस दिन धनु संक्रांति मनाई जाती है। खरमास को मलमास भी कहते हैं। सूर्य एक महीने तक धनु राशि में रहेंगे। तब तक मांगलिक कार्यो पर विराम लग जाएगा। वहीं 17 जुलाई देवशयनी एकादशी से चातुर्मास लगने के कारण चार माह विवाह आदि मांगलिक कार्य नही होंगे।

खरमास में क्यों नहीं होते मांगलिक कार्य:

धनु बृहस्पति की राशि है। धार्मिक ग्रंथों की मान्यता है कि सूर्य देव जब भी बृहस्पति की राशि पर भ्रमण करते हैं, तो मनुष्य के लिए यह अच्छा नहीं होता। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार सूर्य जब बृहस्पति की राशि में आते हैं तो इससे गुरु ग्रह का बल कमजोर हो जाता है और सूर्य भी अपना तेज कम कर लेते हैं। इस दौरान सूर्य की चाल बहुत धीमी हो जाती है, मांगलिक कार्य के लिए इन दोनों ग्रहों का मजबूत होना जरुरी होता है। यही वजह है कि खरमास के दौरान शादी-विवाह, मुंडन, गृह प्रवेश, जनेऊ संस्कार आदि जैसे शुभ और मांगलिक कार्य करने पर अशुभ फल मिलता है।

विवाहों के मुहुर्त:-

- जनवरी माह में 17, 18, 21, 22 और 31 तारीख।

- फरवरी माह में 1, 4, 5, 7, 15, 18, 19, 25, 26 और 28 तारीख।

- मार्च माह में 3 , 4 , 6 , 7 , 8 , 10 और 11 तारीख।

- अप्रैल माह में 18, 19,20, 21 और 22 तारीख। इसी क्रम में 23 अप्रैल से

शुक्र अस्त होने के कारण विवाह नही होंगे। 30 जून को शुक्र ग्रह उदय जाएंगे। उसके पश्चात विवाह प्रारंभ होंगे।

- जुलाई माह में 2,3,4,9,10,11,12,13,14 और 15 तारीख को होंगे विवाह।

बाजारों में जमकर हो रही है खरीदारी:-

इस समय जमकर विवाह हो रहे हैं। दीपावली के बाद बाजारों में एक बार फिर से खरीदारी का दौर शुरू हो गया है। इस समय सराफा, कपड़ा, इलेक्ट्रोनिक्स और ऑटोमोबाइल में जमकर खरीदारी हो रही है। साथ ही विवाह वाटिका और बैण्ड बाजा वालों की दुकानें खूब चल रही हैं। बाजार में खरीदारी का यह सिलसिला 15 दिसंबर तक चलेगा। दीपावली पर अच्छी कमाई करने के बाद व्यापारी सहालगी कमाई कर रहे हैं। 

Tags:    

Similar News