ग्वालियर में खिलेगा कमल या आएगा पंजा आज होगा तय, तीनों महापौर उम्मीदवार ने डाला वोट

शहर में दोपहर 11 बजे तक 21.1 प्रतिशत मतदान हो चुका है। यह जिले के सात नगरीय निकाय चुनाव में सबसे कम है।

Update: 2022-07-06 07:58 GMT

ग्वालियर। ग्वालियर नगर निगम चुनाव के लिए शहर में दोपहर 11 बजे तक 21.1 प्रतिशत मतदान हो चुका है। यह जिले के सात नगरीय निकाय चुनाव में सबसे कम है।सबसे ज्यादा 55 प्रतिशत आंतरी नगर परिषद में हुआ है। वार्ड क्रमांक 5 से भाजपा प्रत्याशी रिंकू परमार, कांग्रेस उम्मीदवार पीपी शर्मा और निर्दलीय कैंडिडेट विष्वनाथ राव सालुंके को बहोड़ापुर थाने में नजरबंद कर लिया गया है।  

ग्वालियर में आज नगर निगम के 66 वार्डों और महापौर पद के लिए मतदान जारी है। जिले में महापौर पद के लिए मुकाबला त्रिकोणीय है। भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी जीत के दावे कार रही है। मतदान शुरू होते ही महापौर पद की तीनों उम्मीदवार भाजपा की सुमन शर्मा, कांग्रेस की शोभा सिकरवार और आप की रूचि गुप्ता ने मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला।  इसके अलावा क्षेत्रीय सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने भी मतदान किया।  

बुधवार को सुबह 7 से सायं 5 बजे तक मतदान चलेगा। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और आप के अपने-अपने दावे हैं लेकिन मतदाता ने जो मन बनाया है उसमें झांकना आसान नहीं इसलिए कमल खिलेगा, पंजा चलेगा या झाड़ू आएगी यह बुधवार को तय हो जाएगा।

भाजपा की जीत सुनिश्चित: विजय दुबे

भारतीय जनता पार्टी के कुशल रणनीतिकार जिला प्रभारी विजय दुबे का कहना है कि भाजपा हमेशा चुनावी मोड में रहती है। यह चुनाव भी हम पूरी रणनीति के साथ संगठन और अपने देवतुल्य कार्यकर्ताओं के बूते लड़ रहे हैं। इसके लिए प्रत्येक बूथ को न सिर्फ मजबूत किया गया है बल्कि प्रभारियों ने बैठकें लेकर कहां क्या कमी रह गई है उसमें सुधार किया है। साथ ही वरिष्ठ नेतृत्व से मिले मार्गदर्शन और प्रचार अभियान के बाद भाजपा पूरी तरह जीत की स्थिति में है।

57 साल बाद बदलाव:देवेन्द्र शर्मा

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ देवेंद्र शर्मा ने दावा किया है कि परिणाम सुखद आने वाले हैं। 57 साल बाद बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस चुनाव में मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री सहित कई बड़े नेता उतारे जबकि कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ही अकेले उन पर भारी पड़ गए। बुधवार को प्रत्येक मतदान केंद्र पर हमारे प्रतिनिधि रहेंगे,जो किसी भी तरह के फर्जी मतदान को नहीं होने देंगे।

Tags:    

Similar News