ग्वालियर। मोटर साइकिल से घर लौट रही दम्पति को अनियंत्रित गति से दौड़ रही बस ने कुचल दिया। सडक़ दुर्घटना में पत्नी की मौत हो गई जबकि पति व बेटा घायल हो गए। सडक़ दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को चिकित्सालय में भर्ती कराया।
मुरैना सुमावली ग्राम गढ़ी खेरा निवासी राजेन्द्र पुत्र स्व. सोवरन पाल 55 वर्ष अपनी पत्नी गुड्डी और 12 वर्षीय बेेटे अनिमेश के साथ मोटर साइकिल से वापस घर लौट रहा था। बताया गया है कि दम्पति गिरवाई थाना क्षेत्र स्थित बेला का बावड़ी तिराहा के पास पहुंचे ही थे तभी विपरीत दिशा से आ रही बस क्रमांक एमपी 33 पी 6786 के चालक ने उनको अपनी चपेट में ले लिया। बताया गया है कि बस की गति अधिक होने के कारण बस तीनों को कुचलते हुए निकल गई। बस के पहियों के नीचे आने से गुड्डी पाल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि राजेन्द्र पाल व अनिमेश घायल हो गए। सडक़ दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को चिकित्सालय में भर्ती कराया। पुलिस ने राजेन्द्र की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ धारा 304ए, 279, 337 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। गिरवाई थाना प्रभारी प्रीती भार्गव का कहना है कि बस की चपेट में आकर महिला की मौत हो गई है जबकि दो लोग घायल हो गए हैं।
हाइवे हो चले असुरक्षित
शहर की सीमा से गुजरने वाले हाइवों पर लगातार सडक़ दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा रही है। हाइवे अब असुरक्षित हो चले हैं। बेला की बावड़ी, बड़ागांव, निरावली, तिघरा वायपास झांसी रोड आदि ऐसे स्थान हैं जहां पर हाइवों पर लोग बड़े वाहनों की चपेट में आकर अपनी जान गंवा रहे हैं। यातायात पुलिस और राष्ट्रीय राजमर्ग के कई स्थानों पर संकेतक भी नहीं लगे हैं।