निगम संग्रहालय का होगा डिजिटलाइजेशन, केन्द्र सरकार से मिलेगा बजट

योजना के अंतर्गत फूलबाग क्षेत्र में काम शुरू होने के बाद म्यूजियम को सैलानियों के लिए डिजिटल कर दिया जाएगा।

Update: 2023-10-26 00:45 GMT

ग्वालियर। नगर निगम के संग्रहालय का रेस्टोरेशन के साथ अब डिजिटलाइजेशन भी किया जाएगा। निगम संग्रहायल की ऐतिहासिक इमारत का सिविल वर्क जहां नगर निगम द्वारा स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन के बजट से कराया जाएगा, तो वहीं डिजिटलाइजेशन की जिम्मेदारी पर्यटन विभाग की होगी। स्वदेश दर्शन योजना 2.0 में इसका प्रस्ताव बनाकर केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय को भेजा गया है, जहां से जल्द ही इसकी स्वीकृति मिलने की संभावना जताई गई है। इस कार्य के लिए बजट भी केंद्र सरकार से ही मिलेगा। योजना के अंतर्गत फूलबाग क्षेत्र में काम शुरू होने के बाद म्यूजियम को सैलानियों के लिए डिजिटल कर दिया जाएगा।

निगम के संग्रहालय की बिल्डिंग के लिए स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन ने निगम को सात करोड़ 31 लाख 99 हजार 719 रुपए का बजट दिया है। इससे बिल्डिंग का पुनरुद्धार करने के साथ ही विस्तार भी किया जाना है। विस्तार के अंतर्गत बिल्डिंग के ठीक बगल में स्थित जोन क्रमांक 13 और श्रम न्यायालय की इमारत को भी इसमें शामिल कर लिया जाएगा। इसके लिए गत नौ अक्टूबर को नगर निगम ने टेंडर भी जारी कर दिया है, जो 10 नवंबर को खोला जाएगा। इस बिल्डिंग के पुनरुद्धार के लिए इंटेक संस्था भी सहयोगी के रूप में नगर निगम का साथ देगी, क्योंकि यह पुरातत्व महत्व की इमारत है और इंटेक ऐसी इमारतों को संवारने के लिए विशेषज्ञ संस्था मानी जाती है। सिविल वर्क पूरा होने के बाद में पर्यटन विभाग की ओर से म्यूजियम के डिजिटलाइजेशन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। 

Tags:    

Similar News