ग्वालियर। पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं ग्वालियर संभाग के प्रभारी अजय सिंह उर्फ राहुल भैया के ग्वालियर प्रवास के दौरान टिकट दावेदारों का जमावड़ा लगा रहा। इस दौरान शक्ति प्रदर्शन भी किया गया। श्री सिंह बुधवार की रात्रि ग्वालियर आए, तभी रेलवे स्टेशन से होटल तक दावेदारों ने स्वागत के नाम पर शक्ति प्रदर्शन किया। गुरुवार को सुबह उन्होंने होटल में वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान भी टिकट दावेदार आसपास ही मौजूद रहे। दोपहर में वह डबरा गए। तत्पश्चात शाम को जीवायएमसी मैदान पर ग्वालियर पूर्व विधानसभा के प्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक ली। यह बैठक विधायक डॉ सतीश सिकरवार की अगुवाई में आयोजित की गई।
सिंधिया नहीं कांग्रेस की वजह से जीते
इस दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए अजय सिंह ने कहा कि वर्ष 2018 के चुनाव केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया नहीं बल्कि कांग्रेस के कारण जीते थे। कांग्रेस में व्यक्तिवादिता नहीं चलती। इस बार भी कांग्रेस यहां अच्छा प्रदर्शन कर पहले से अधिक सीटें जीतेगी। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ग्वालियर को भाजपा का गढ़ माना जाता है तो नगर निगम चुनाव में 57 साल बाद महापौर पद पर कांग्रेस की जीत से भाजपा का गढ़ टूट चुका है। भाजपा को अब यह तय करना है कि यह गढ़ यहां के दोनों केन्द्रीय मंत्रियों में से किसका है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का गढ़ तो गुना भी था, फिर वे क्यों हारे। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की जनता ने जो संदेश दिया है वही संदेश मध्यप्रदेश की जनता देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं 1200 रुपए में मिल रहे गैस सिलेंडर से परेशान है। हम सरकार में आएंगे तो महिलाओं को 500 रुपए में सिलेंडर देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की उलटी गिनती शुरु हो चुकी है। जनता अब भाजपा की विदाई के लिए चुनाव का इंतजार कर रही है। प्रदेश में भ्रष्टाचार के कारण आम आदमी परेशान है। यही कारण है कि जनता भाजपा शासन से उब चुकी है।
भाजपा के कई नेता संपर्क में
उन्होंने कहा कि ग्वालियर में कई असंतुष्ठ भाजपा नेता हमारे संपर्क में है। दीपक जोशी के कांग्रेस में आने और कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद भाजपा में भगदड़ मची हुई है। जो नेता हमसे संपर्क में है, समय आने पर उनके संबंध में पार्टी निर्णय लेगी।
इन्होंने की मुलाकात
होटल सेंट्रल पार्क में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह से मिलने सामाजिक संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे। इस दौरान कुशवाह समाज, अल्पसंख्यक समाज, वैश्य समाज, अनुसूचित जाति जनजाति के विभिन्न सामाजिक संगठन के पदाधिकारी और कार्यकताओं ने उनसे भेंट की। महिलाओं का एक प्रतिनिधिमंडल भी उनसे मिलने पहुंचा। इसके अलावा ग्वालियर विधानसभा से दावेदार सौरभ सिंह तोमर, वीरेंद्र सिंह तोमर भी उनके साथ रहे।