एक लाख दस हजार बल्बों की झालर से जगमगाया सराफा बाजार
त्योहारी सीजन की धूम शुरू
ग्वालियर। शहर में त्योहारी सीजन की शुरूआत हो चुकी है। नवदुर्गा महोत्सव के बाद विजयादशमी, करवाचौथ, धनतेरस और दीपावली का त्योहार मनाया जाना है। इन त्योहारों पर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए सराफा कारोबारियों ने सराफा बाजार में एक लाख दस हजार बल्बों की झालरें लगाई हैं। साथ ही कुछ ब्राण्डेड कंपनियों को चिन्हित कर इनका विज्ञापन करने की भी तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही बाजार में इनामी कूपन योजना भी शुरू हो रही है।
कोरोना संक्रमण काल के बाद बाजारों की खोई हुई रौनक वापस लौट आई है। इस त्योहारी सीजन में बाजार दुल्हन की तरह जगमगा रहे हैं। दुकानें भी ग्राहकों के लिए सजकर तैयार हो गई हंै। इस बार बाजार में अच्छी ग्राहकी होने की संभावना है इसका मुख्य कारण एक तो यह है कि केन्द्र सरकार ने अपने कर्मचारियों का डीए चार प्रतिशत बढ़ा दिया है, दूसरा चुनावी माहौल और तीसरा यह कि सरकारी कर्मचारियों को दीपावली से पहले वेतन व बोनस आदि मिलना है। यह सभी पैसा बाजारों में आने से बहुत अच्छी खरीदारी होने की संभावना है। शहर के व्यापारी भी इस सीजन को लेकर बेहद उत्साहित दिखाई दे रहे हैं।
सोना-चांदी महंगा होने से कम वजनी गहनों की बढ़ी मांग:-
सोना और चांदी के दाम बहुत अधिक बढ़ गए हैं। सराफा बाजार में सोना 61900 रुपए प्रति दसग्राम तो चांदी 73700 रुपए किलो है। ऐसे में लोग कम वजनी गहनों को पसंद कर रहे हैं। वहीं स्वर्ण व्यापारी भी ग्राहकों की आशा के अनुसार गहने बना रहे हैं।
नवदुर्गा महोत्सव में 1500 कार व 5 हजार दो पहिया वाहनों की बिक्री की संभावना :-
सुमेधा व्हीकल्स के मैनेजिंग डायरेक्टर श्याम गुप्ता ने बताया कि श्राद्ध पक्ष के बाद शुरू हुए नवदुर्गा महोत्सव में ऑटोमोबाइल सेक्टर में अच्छी खरीदारी हो रही है। इस महोत्सव में 1200 से 1500 कार और 4 से 5 हजार दो पहिया वाहनों की बिक्री होने की संभावना है। ग्राहक आसानी से वाहन खरीद सकें इसके लिए फायनेंस व्यवस्था शोरूम पर उपलब्ध है। इस बार विजयादशमी पर भी वाहनों की अच्छी खरीदारी होने की संभावना है। विजयादशमी के लिए वाहनों की बुकिंग भी की जा रही है।
खरीदारों की उमड़ी भीड़:-
त्योहार के इस मौसम में खरीदारी को लेकर महाराज बाड़ा से लगे बाजारों में जबरदस्त खरीदारी हो रही है। दुकानदारों और फुटपाथियों की दुकानें खूब चल रही हैं। सुभाष मार्केट के बाहर खरीदारों की अच्छी भीड़ देखने को मिल रही है।
इनका कहना है
इस बार सराफा बाजार को बेहद ही सुंदर ढंग से सजाया गया है। यहां एक लाख दस हजार बल्ब की झालर लगाई गई है। साथ ही खम्भों को भी सजाया जा रहा है। बड़ी कंपनियों के विज्ञापन करने और लकी ड्रॉ निकालने की भी योजना है।
पुरुषोत्तम जैन
अध्यक्ष, सराफा बाजार