भाजपा संभाग और प्रदेश में सर्वाधिक सीटें लाकर बनाएगी सरकार:तोमर

संकल्प पत्र में सबका रखा गया ध्यान

Update: 2023-11-14 00:00 GMT

ग्वालियर,न.सं.। भारतीय जनता पार्टी ग्वालियर चंबल संभाग ही नहीं अपितु मध्य प्रदेश में सर्वाधिक सीटें लाकर सरकार बनाएगी। यह बात केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने सोमवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहानी। उन्होंने कहा कि बीस साल पहले मध्यप्रदेश कहां था, यह आज की युवा पीढ़ी को पता नहीं है। पिछले 20 सालों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अपने काम से एक बीमारू राज्य को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया है। इन 20 सालों में मध्यप्रदेश विकास के सभी मापदंडों पर आगे बढ़ा है। चाहे प्रति व्यक्ति आय हो, कृषि उत्पादन हो, या फिर बिजली, पानी और सडक़ों की स्थिति, सभी मामलों में मध्यप्रदेश तेज गति से आगे बढ़ा है। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए भाजपा द्वारा जारी संकल्प पत्र का नाम मोदी की गारंटी, भाजपा का भरोसा मध्यप्रदेश संकल्प पत्र 2023 रखा गया है। संकल्प पत्र के नाम से ही संदेश साफ है कि मोदीमय नेतृत्व में भाजपामय मध्यप्रदेश के रास्ते पर भाजपा चुनाव के दंगल में उतरी है। कांग्रेस को इसके कारण पराजय का सामना करना पड़ेगा।

केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि संकल्प पत्र को तैयार करने में 21 दिनों तक चली जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान 1500 से अधिक जन आकांक्षा पेटियों से मिले सुझाव और प्रदेश के सभी 52 जिलों में आयोजित हुए प्रबुद्ध सम्मेलन में मिले विचार शामिल है। संकल्प पत्र में मप्र के अगले 5 साल के ब्लूप्रिंट को प्रदेश की जनता के समक्ष रखकर यह प्रमाणित किया है कि भाजपा ही मध्य प्रदेश का सर्वांगीण विकास कर सकती है। उन्होंने कहा कि हमारे संकल्प पत्र की मूल बात गरीब कल्याण है और इसके लिए हमारी पार्टी रिफॉर्म, ट्रांसफॉर्म और परफॉर्म पर जोर देती है। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र, मेनिफेस्टो, संकल्प पत्र या विजन डॉक्यूमेंट की महत्ता धीरे-धीरे घटती जा रही है। इसकी वजह यह है कि कई राजनीतिक दलों ने चुनाव से पहले जनता को लुभाने का काम किया और बाद में वादे भुलाने का काम किया है। वादा करो, भूल जाओ और जनता को गुमराह करो। लेकिन भारतीय जनता पार्टी अकेली ऐसी पार्टी है, जिसने इस डॉक्यूमेंट को अपने काम का रोड मैप बनाया है।इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, बृजराज सिंह, संभागीय मीडिया प्रभारी राजलखन सिंह, नवीन चौधरी एवं उदय अग्रवाल उपस्थित रहे।

पार्टी के 10 संकल्प

1.5 वर्षों के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का क्रियान्वयन करते हुए सभी गरीब परिवार को मुफ्त राशन के साथ रियायती दर पर दाल, सरसों का तेल एवं चीनी उपलब्ध करवाएंगे।

2.मध्य प्रदेश का कोई भी परिवार बेघर नहीं रहेगा। इसके लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ ही मुख्यमंत्री जन आवास योजना शुरू करेंगे।

3.लाड़ली बहनों को मासिक आर्थिक सहायता के साथ आवास का लाभ मिलेगा।

4.एमएसपी के साथ बोनस 2,700 रूपए प्रति क्विंटल पर गेहूं एवं 3,100 रूपए प्रति क्विंटल पर धान की खरीद की व्यवस्था करेंगे।

5.पीएम किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के लाभार्थियों को वार्षिक ?12,000 देंगे।

6.तेंदूपत्ता संग्रहण दर 4,000 रूपए प्रति बोरा देना सुनिश्चित करेंगे।

7.गरीब परिवार के सभी छात्रों को 12वीं कक्षा तक मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था करेंगे।

8.सरकारी स्कूल में मिड-डे मील के साथ अब पौष्टिक नाश्ता भी उपलब्ध कराया जाएगा।

9.प्रत्येक संभाग में आईआईटी के तर्ज पर मध्य प्रदेश इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी एवं एम्स की तर्ज पर मध्य प्रदेश इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंस स्थापित किया जाएगा।

10. प्रत्येक परिवार में कम से कम एक रोजगार अथवा स्वरोजगार के अवसर सुनिश्चित करेंगे।

Tags:    

Similar News