SwadeshSwadesh

ग्वालियर में सुंदरकांड पाठ के साथ होगा भाजपा के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन

भगवा रंग में रंगा मोदी हाउस

Update: 2024-03-29 00:45 GMT

ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी का लोकसभा चुनाव कार्यालय लगातार तीसरी बार झांसी रोड स्थित मोदी हाउस में सज-धज कर तैयार हो गया है। इसका विधिवत उद्घाटन अप्रैल के प्रथम सप्ताह में सुंदरकाण्ड पाठ के साथ किया जाएगा। जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।उल्लेखनीय है कि वर्ष 2014 में नरेंद्र सिंह तोमर और वर्ष 2019 में विवेक शेजवलकर लोकसभा का चुनाव लड़े थे तब भी मोदी हाउस को लोकसभा का चुनाव कार्यालय बनाया गया था। चूंकि दोनों ही प्रत्याशी विजयी रहे इसलिए इस जगह को बेहद भाग्यशाली माना जाता है।अब भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाहा की नैया पार लगाने के लिए बड़े क्षेत्रफल में फैले मोदी हाउस को चुनाव कार्यालय के लिए दो सप्ताह की कड़ी मेहनत के बाद तैयार कर लिया गया है। ग्वालियर चंबल संभाग के प्रभारी विजय दुबे, महानगर अध्यक्ष अभय चौधरी व प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाहा की देखरेख में जिला उपाध्यक्ष व चुनाव कार्यालय प्रभारी रामेश्वर भदौरिया ने इसे तैयार कराया है।

भगवा रंग में पुताई

मोदी हाउस दो मंजिला बना हुआ है और खाली स्थान भी काफी है, इस दृष्टि से बड़ी बैठकें प्रथम तल और छोटी बैठकें भू-तल पर हुआ करेंगी। इसके लिए रंगाई पुताई के साथ साफ सफाई का काम पूरा हो गया है। दोनों कक्षों को भगवा और सफेद रंग से पोता गया है।

मुख्य द्वार पर कटाउट

मोदी हाउस के मुख्य द्वार पर फिलहाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कटाउट लगा है। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा एवं प्रत्याशी के कट आउट भी लगेंगे।

मीडिया रुम बनेगा

भूतल पर एक कमरे में कंम्पयूटर, इंटरनेट आदि लगाकर मीडिया रुम बनाया जा रहा है। यहीं से प्रेस विज्ञप्ति तैयार कर मीडिया बंधुओं को भेजी जाएंगी। साथ ही कुछ पत्रकारवार्ता भी संभावित है।



इनका कहना

मोदी हाउस को लोकसभा चुनाव कार्यालय के लिए भव्य रूप में तैयार करा लिया गया है। अप्रैल के पहले सप्ताह में सुंदरकाण्ड पाठ के साथ उद्घाटन होगा।

रामेश्वर भदौरिया

जिला उपाध्यक्ष एवं चुनाव कार्यालय प्रभारी

Tags:    

Similar News