बिरसा मुंडा ने जंगलों में रहकर अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी
अजाक्स कार्यालय में मनी जननायक बिरसा मुंडा की जयंती
ग्वालियर,न.सं.। उरांव एवं अन्य आदिवासी समाज संगठन समिति की ओर से बुधवार को जननायक बिरसा मुंडा की जयंती मनाई गई। यहां अजाक्स कार्यालय में आयोजित हुए कार्यक्रम में बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही सभी ने जननायक बिरसा मुंडा द्वारा आदी के लिए किए गए साहसिक संघर्ष को याद किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। संगठन के सचिव रामेश्वर राम पटेल ने इस अवसर पर कहा कि हम सबके लिए गर्व की बात है कि हम उसी देश के वासी हैं जहां बिरसा मुंडा जैसी विभूतियां जन्मी थीं। जब हम जन नायक बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करेंगे तभी उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्घांजलि होगी।
हम सभी को उनके आदर्शों पर चलकर देश और समाज की भलाई के लिए काम करना चाहिए। अजाक्स प्रदेशाध्यक्ष मुकेश मौर्य ने कहा कि बिरसा मुंडा ने जंगलों में रहकर अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी और सदा के लिए अमर हो गए। जिलाध्यक्ष मनोहर कटारिया ने कहा कि बिरसा मुंडा ने अपने सुकृत्यों एवं वीरतापूर्ण कामों से आदिवासी समाज ही नहीं संपूर्ण देशवासियों का मान बढ़ाया। इस मौके पर मंगलराम भगत, जतरूराम भगत, पार्वती पटेल, जिरमाइत भगत, सुशीला भगत, किशोर चौहान, रामनरेश विमल, झडा सिंह गोयल, उमाशंकर भगत, निर्मल भगत, श्याम भगत आदि मौजूद रहे।