SwadeshSwadesh

सर्वार्थ सिद्धि योग में होगी शारदीय नवरात्र की घट स्थापना

Update: 2020-10-17 00:45 GMT

ग्वालियर, न.सं.। नवरात्रि का महाउत्सव आज से शुरू होने जा रहा है। कटोराताल व फूलबाग पर भी सैकंड़ों की संख्या में मूर्तियां बिकने के लिए आ गई हैं। शहरवासी अपनी पसंद के अनुसार मूर्तियों की खरीदारी कर रहे हैं।

ज्योतिषाचार्य डॉ. हुकुमचंद जैन ने बताया कि 17 अक्टूम्बर, शनिवार को शारदीय नवरात्र की घट स्थापना होगी। इस दिन सर्वार्थसिद्धि योग भी रहेगा। घट स्थापना का शुभ समय उषाकाल द्विस्वभाव लग्न सहित दुर्योदय पूर्व 05.43 से 06.31 बजे तक रहेगा। धनु लग्न 11.06 बजे से दोपहर 01.11 बजे तक तथा अभिजित मुहूर्त 11.49 से 12.35 बजे तक श्रेष्ठ मुहूर्त रहेगा। ज्योतिषाचार्य ने बताया कि चौघडिय़ा अनुसार 07.46 से प्रात: से 09.12 बजे तक शुभ व श्रेष्ठ समय है। ज्येातिषाचार्य के अनुसार 17, 19, 23 व 24 अक्टूबर को सर्वार्थसिद्धि योग हैं। साथ ही सिद्धि महायोग 18 व 24 अक्टूबर को है। जबकि 17, 21 व 25 अक्टूबर को अमृत सिद्धि योग भी है। वहीं सूर्य व बुध की युति बुधादित्य योग 18 अक्टूबर को प्रीति, 19 अक्टूबर को आयुषमान, 20 अक्टूबर को सौभाग्य व 21 अक्टूबर को ललिता पंचमी है। बुधवार व शोभन योग का दुर्लभ संयोग देवी भक्तों को प्राप्त हो रहा है। इससे निश्चित ही जनता में शुख समृद्धि का वातावरण बनेगा। कोरोना महामारी भी धीरे धीरे समाप्त हो जाएगी।

घोड़े पर सवार होकर आएंगी मां

नवरात्रि के प्रथम दिन मां दुर्गा घोड़े पर सवार होकर आएंगी। ज्योतिषाचार्य पं. सतीश सोनी के अनुसार यह नवरात्रि खरीदारी के लिए हर दिन शुभ मुहूर्त लेकर आया है। इन दिनों में संपत्ति, वाहन, सोना, चांदी, फर्नीचर एवं इलेक्ट्रोनिक्स वस्तुओं की खरीदारी विशेष फलदाई रहेगी। ज्योतिषाचार्य ने बताया कि नवरात्रि के पहले 3 दिन देवी दुर्गा को समर्पित किए गए हैं। वहीं चौथे से छठा दिन माता लक्ष्मी समृद्धि और शांति देवी की पूजा करने के लिए समर्पित है। सातवां और आठवां दिन कला और विज्ञान की देवी सरस्वती की पूजा के लिए समर्पित होते हैं। अंतिम आखरी नौवां दिन कन्या पूजन के लिए समर्पित रहेगा।

दिन के अनुसार होगी माता की पूजा

ज्योतिषाचार्य ने बताया कि 17 अक्टूबर को माता शैलपुत्री, 18 को मां ब्रह्मचारिणी, 19 को मां चंद्रघंटा, 20 को मां कुसमुंडा, 21 को मां भगवती स्कंदमाता का दिन रहेगा। वहीं 22 को विवाह की कारक मां भगवती कात्यायनी, 23 को कालरात्रि देवी, 24 को महागौरी और 25 को सिद्धिदात्री माता की पूजा की जाएगी।

एक बार में पांच लोग कर सकेंगे मां पीताम्बरा के दर्शन

दतिया स्थित मां पीताम्बरा मंदिर पर भक्त भी नवरात्रि में सुबह 06 से सायं 07 बजे तक माई के दर्शन कर सकेंगे। शनिवार को धूमावति माई के भी दर्शन होंगे। मंदिर प्रबंधन ने बताया कि मास्क पहनने वालों को ही मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा। एक बार में चार से पांच लोगों को ही मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा। सभी भक्तों को सामाजिक दूरी का भी पालन करना होगा।  

Tags:    

Similar News