SwadeshSwadesh

नरोत्तम दो लाख का ईनाम तैयार रखें, किसान पहुंचेंगे

Update: 2019-03-19 16:18 GMT

कृषि मंत्री सचिन यादव बोले- हमारे पास 24 लाख 84 हजार किसानों की सूची तैयार है

भोपाल/राजनीतिक संवाददाता। प्रदेश में लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे राजनीतिक दलों के बीच में बयानबाजी भी चरम पर है। पिछले दिनों भाजपा के पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा द्वारा कर्जमाफी को लेकर किसानों को दो लाख रुपए ईनाम देने की घोषणा पर कृषि मंत्री सचिन यादव ने कहा है कि नरोत्तम मिश्रा ईनाम की राशि तैयार रखें, जल्द ही उनके घर पर किसान कर्जमाफी का प्रमाण-पत्र लेकर पहुंचेंगे। मंत्री सचिन यादव ने कहा कि हमने 24 लाख 84 हजार किसानों के खातों में कर्जमाफी की राशि भेज दी है और इसकी पूरी सूची भी हमारे पास तैयार है। मंत्री सचिन यादव प्रदेश कांग्रे्रस कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने विधानसभा चुनाव में किए गए वचनों को पूरा किया है। शेष वचन लोकसभा की आचार संहिता समाप्त होने के बाद पूरे किए जाएंगे। उन्होंने प्रदेश की पूर्ववर्ती भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा सरकार में अधिकारियों की मिलीभगत से जमकर फर्जीवाड़ा किया गया था। इस फर्जीवाड़े का खुलासा किसानों की कर्जमाफी के कारण सामने आया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 15 वर्षों तक भाजपा की सरकार रही और केंद्र में पांच साल से सरकार है। 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने वादा किया था कि वे किसानों का कर्जा माफ करेंगे और उनके खातों में 15 लाख रुपए की राशि जमा कराएंगे, लेकिन आज तक 15 रुपए किसानों को नहीं दिए गए। मंत्री सचिन यादव ने कहा कि अब उन्होंने किसानों को 6 हजार रुपए हर साल देने की घोषणा की है। वे किसानों को 6 हजार रुपए देकर उनका मजाक उड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकारों की सिर्फ घोषणाएं होती रही हैं, लेकिन वायदों को पूरा करने का काम कांग्रेस सरकार ने किया है। 

Similar News