MP में 5वी- 8वीं भी बोर्ड, 24.90 लाख बच्चे देंगे परीक्षा, 20 फरवरी से होगी एग्जाम
मध्यप्रदेश में 20 फरवरी से कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षा शुरू होगी। 12,920 केंद्रों पर 24.90 लाख छात्र शामिल होंगे।
भोपाल। मध्य प्रदेश में इस बार भी शिक्षण सत्र 2025-26 की कक्षा 5- 8 वीं की परीक्षाएं पूरी तरह बोर्ड पैटर्न पर होगी। इन परीक्षाओं में प्रदेश में 12,920 परीक्षा केंद्रों पर करीबन 24.90 लाख 25 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। इसमें शासकीय, निजी स्कूलों के साथ-साथ मदरसों के विद्यार्थी भी शामिल है।
राज्य शिक्षा केंद्र ने 28 फरवरी तक चलने वाली इस परीक्षा को लेकर सभी जिलों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। केंद्र के अधिकारियों के अनुसार परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों की संख्या के मुताबिक सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। बोर्ड ने एनसीईआरटी पाठ्यक्रम से पढऩे वाले 522 निजी स्कूलों के करीब 20,736 विद्यार्थियों के लिए भाषा विषय का अलग प्रश्न पत्र तैयार किया है। बाकी विषयों के प्रश्न पत्र राज्य की पाठ्यपुस्तकों पर आधारित होंगे।
ऑनलाइन पोर्टल से पूरी परीक्षा पर नजर
परीक्षा को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने एक खास आईटी पोर्टल तैयार किया है। इसी पोर्टल से छात्रों का सत्यापन, परीक्षा केंद्र तय करना, केंद्राध्यक्षों की नियुक्ति, रोल नंबर और प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। उपस्थिति से लेकर मूल्यांकन और अंकसूची तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।
परीक्षा से वंचित नहीं रहेगा कोई भी छात्र
राज्य शिक्षा केंद्र ने साफ किया है कि हर पात्र विद्यार्थी को परीक्षा देने का मौका मिलेगा। यदि कोई छात्र किसी कारण से परीक्षा से पहले पंजीकरण नहीं करा पाया है, तो भी उसे परीक्षा में बैठने दिया जाएगा। ऐसे छात्रों की जानकारी परीक्षा के बाद दर्ज की जाएगी।
इनका कहना है..
राज्य शिक्षा केंद्र के संचालक हरजिंदर सिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश में कक्षा 5 और 8 वीं की परीक्षाएं बोर्ड पैटर्न पर होगी। परीक्षा की तैयारी करने के लिए सभी सरकारी, निजी स्कूलों और मदरसों को दिशा- निर्देश जारी कर दिए हैं। इस बार नकल रोकने के लिए सख्त इंतजाम किए जाएंगे।