भोपाल में कटर गैंग का आतंक, कोचिंग छात्राओं में दहशत
भोपाल में एक घंटे के भीतर तीन छात्राओं पर कटर से हमला होने से दहशत का माहौल है।
भोपाल। राजधानी भोपाल में कटर से हमला करने वाले बदमाशों ने कोचिंग में पढ़ने वाली छात्राओं में दहशत फैला दी है। पिछले दिनों महज एक घंटे के भीतर तीन अलग-अलग स्थानों पर छात्राओं पर कटर से हमला किया गया, लेकिन अब तक पुलिस किसी भी आरोपी को पकड़ने में सफल नहीं हो सकी है।
घटनाओं के बाद से कोचिंग जाने वाली छात्राओं और उनके अभिभावकों में भय का माहौल है। जानकारी के अनुसार आरोपी बाइक सवार था और उसने अचानक पीछे से वार कर फरार होने की वारदात को अंजाम दिया। हमले में घायल छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दो संभागों के अफसर और थानों की पुलिस जुटी
आरोपियों की तलाश में दो संभागों के अधिकारी और दो थानों की पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस ने इधर, पिपलानी, गोविंदपुरा, अयोध्या नगर और एमपी नगर क्षेत्रों में सघन सर्च अभियान चलाया है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसकी आंखें लाल थीं और उसने तीनों घटनास्थलों पर बातचीत किए बिना अचानक कटर से हमला किया।
एबीवीपी ने सौंपा ज्ञापन
घटनाओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने गोविंदपुरा आरसीपी को ज्ञापन सौंपा। एबीवीपी प्रतिनिधिमंडल ने छात्राओं की सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाने की मांग की है। इस दौरान पुलिस ने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
पीड़ित छात्राएं दहशत में
हमले में घायल एक छात्रा ने बताया कि वह कोचिंग से लौट रही थी, तभी पीछे से कटर से हमला किया गया। दूसरी छात्रा ने बताया कि वार इतना गहरा था कि उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाना पड़ा। तीसरी छात्रा भी हमले के बाद सदमे में है।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए मोबाइल टावर लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये के इनाम की भी घोषणा की गई है।