फॉरेन रिटर्न B.Tech पास ट्रेन चोर को भोपाल GRP ने पकड़ा, किया चौंकाने वाला खुलासा
भोपाल जीआरपी ने ट्रेन में चोरी करने वाले बी-टेक पास फॉरेन रिटर्न आरोपी को गिरफ्तार कर 7 लाख के गहने बरामद किए।
भोपालः भारतीय रेलवे की ट्रेनों में लगातार हो रही चोरियों पर जीआरपी भोपाल ने आखिरकार शिकंजा कस दिया है। रेल पुलिस ने एक ऐसे शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जो पढ़ा-लिखा होने के बावजूद अपराध की राह पर उतर आया। आरोपी बी-टेक पास और फॉरेन रिटर्न है, लेकिन वारदात को अंजाम देने लगा। ऑनलाइन वेटिंग गेम की लत में वह ट्रेन में चोरी करने वाला अपराधी बन गया।
मिली जानकारी अनुसार, लखनऊ निवासी 36 वर्षीय प्रांजल दीक्षित भोपाल आकर ट्रेनों के एसी कोच को निशाना बनाता था। यात्रियों की नींद का फायदा उठाकर वह उनके पर्स और कीमती जेवरात चुरा लेता था। जीआरपी भोपाल ने आरोपी के पास से चार अलग-अलग मामलों में चोरी किए गए करीब 7 लाख रुपये कीमत के सोने के गहने बरामद किए हैं, जिनमें मंगलसूत्र का पेंडल, झुमके, सोने की चेन और लेडीज अंगूठियां शामिल हैं।
ऐसे पकड़ाया आरोपी
दरअसल, 20 जनवरी 2026 को राजधानी एक्सप्रेस में हुई चोरी के बाद पुलिस हरकत में आई थी। जब आगरा निवासी अफशा बेगम जब मुंबई जा रही थीं, तभी भोपाल स्टेशन पर उनका पर्स चोरी हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी भोपाल ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और आखिरकार आरोपी की पहचान कर 30 जनवरी को उसे दबोच लिया।