भोपाल साइको किलर गिरफ्तार: 6 दिन तक पुलिस को चकमा, आखिर मिनाल से दबोचा
भोपाल में युवतियों पर ब्लेड से हमला करने वाला साइको किलर गिरफ्तार, 6 दिन से पुलिस को दे रहा था चकमा।
भोपाल। बीते एक हफ्ते से दहशत का कारण बने ‘साइको किलर’ को पुलिस ने आखिरकार पकड़ लिया। सड़क पर अकेली चल रही युवतियों पर ब्लेड से हमला करने वाला आरोपी छह दिन तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहा लेकिन गुरुवार को उसकी गिरफ्तारी के साथ ही लोगों ने राहत की सांस ली। खासकर महिलाओं और युवतियों में जो डर बैठ गया था, वह अब धीरे-धीरे कम होता नजर आ रहा है।
6 दिन की दहशत का अंत
भोपाल के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से एक ही चर्चा थी, कोई अज्ञात युवक बाइक से आता है, पीछे से हमला करता है और हंसते हुए फरार हो जाता है। चार युवतियां इस हमले में घायल हुईं, और हर वारदात के बाद डर और गहरा होता गया। सोशल मीडिया पर भी लगातार चेतावनियां और अपीलें चल रही थीं कि लड़कियां अकेले बाहर न निकलें।
मिनाल इलाके से गिरफ्तारी
पुलिस पहले से अलर्ट मोड पर थी। अयोध्या बायपास, निशातपुरा और आसपास के इलाकों में रात की गश्त बढ़ा दी गई थी। बुधवार देर रात करीब 2 बजे मिनाल इलाके में पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को बाइक पर देखा। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। यहीं से साफ हो गया कि यही वह शख्स है, जिसकी तलाश पिछले कई दिनों से चल रही थी.
कौन है आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपी रायसेन जिले का रहने वाला है और निशातपुरा क्षेत्र में मजदूरी करता था। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि पत्नी से विवाद के बाद वह मानसिक रूप से असंतुलित हो गया था। शराब की लत भी बताई जा रही है। इसी हालत में वह रात के वक्त अकेली युवतियों को निशाना बना रहा था।
चार युवतियों पर कर चुका था हमला
अब तक की जांच में सामने आया है कि आरोपी चार अलग-अलग इलाकों में युवतियों पर ब्लेड से हमला कर चुका था। कल्पना नगर, सोनागिरी, इंद्रपुरी, नरेला शंकरी, मिनाल रेजिडेंसी और भवानी धाम जैसे इलाकों में डर का माहौल था। लोग शाम ढलते ही बेटियों को बाहर भेजने से कतरा रहे थे।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई
एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी के मुताबिक, आरोपी को पकड़ने के लिए 25 से ज्यादा पुलिस टीमें लगाई गई थीं। हजारों CCTV फुटेज खंगाले गए, पुराने अपराधियों से पूछताछ की गई और लगातार गश्त की जा रही थी। पुलिस ने लोगों से भी अपील की थी कि कोई संदिग्ध दिखे तो तुरंत सूचना दें, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों ने राहत ली है।