MP बीजेपी ने 62 संगठनात्मक जिलों में जिला प्रभारी किए नियुक्त

मध्य प्रदेश बीजेपी ने संगठन मजबूत करने के लिए 62 जिलों में प्रभारी नियुक्त किए, प्रशिक्षण और जनसंपर्क पर फोकस।

Update: 2026-02-07 16:49 GMT

भोपालः मध्य प्रदेश बीजेपी ने संगठन को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने प्रदेश के सभी 62 संगठनात्मक जिलों में जिला प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। इन नियुक्तियों में पार्टी के अनुभवी नेता शामिल हैं, जिनमें पूर्व जिला अध्यक्ष और पूर्व सांसद भी हैं। इसका मकसद जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय और प्रभावी बनाना है।

भोपाल में हुई अहम संगठनात्मक बैठक

इससे पहले शनिवार को बीजेपी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री और प्रदेश प्रभारी अजय जामवाल भोपाल पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ संभागीय प्रभारियों, पार्टी पदाधिकारियों और मोर्चा पदाधिकारियों की बैठक ली। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी लाने और आगामी कार्यक्रमों को समयबद्ध तरीके से लागू करने पर जोर दिया गया।

मार्च में होंगे जिला-मंडल स्तर के प्रशिक्षण

बैठक में खासतौर पर अगले माह प्रस्तावित जिला और मंडल स्तर के प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर फोकस किया गया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक मार्च में शुरू होने वाले इन प्रशिक्षण शिविरों की थीम, कार्ययोजना और जिम्मेदारियों को लेकर संभागीय प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

दिल्ली दौरे के बाद एक्टिव मोड में खंडेलवाल

प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल दो दिन के दिल्ली प्रवास के बाद संगठनात्मक बैठकों में सक्रिय हो गए हैं। दिल्ली में उन्होंने पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की थी। इसके बाद अजय जामवाल के भोपाल पहुंचते ही संगठनात्मक गति तेज करने के लिए बैठक आयोजित की गई।





बजट और योजनाओं के प्रचार पर जोर

बैठक में केंद्रीय बजट के व्यापक प्रचार-प्रसार और वीबी जी रामजी योजना को गांव-गांव तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जाकर आम लोगों को बजट के लाभ समझाएं और कांग्रेस के दुष्प्रचार का जवाब तथ्यों के साथ दें।

मोर्चा और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ भी मंथन

संभागीय प्रभारियों के बाद अजय जामवाल और हेमंत खंडेलवाल ने मोर्चा पदाधिकारियों और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ भी संयुक्त बैठक की। इसमें संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा, जनसंपर्क अभियान और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

Tags:    

Similar News