अहाते बंद हुए तो सड़क पर छलकने लगे जाम, विरोध में लोगों का प्रदर्शन
भोपाल के 10 नंबर मार्केट में अहाते बंद होने के बाद सड़क पर शराब पीने से लोग परेशान, कांग्रेस नेता विवेक त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रदर्शन।
भोपाल। प्रदेश की मोहन सरकार नशा मुक्त समाज की बात तो करती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी कह रही है। सरकार ने अहाते बंद कर दिए, इरादा अच्छा था, लेकिन इसके बाद क्या होगा, इस पर शायद गंभीरता से नहीं सोचा गया। नतीजा यह हुआ कि शराब पीने वाले अब खुलेआम सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को ही मयखाना बना बैठे हैं. ऐसा ही नजारा भोपाल के 10 नंबर मार्केट इलाके में देखने को मिल रहा है, जहां हालात दिन-ब-दिन बिगड़ते जा रहे हैं।
आर्य समाज मंदिर के पास ही सड़क बनी मयखाना
10 नंबर मार्केट स्थित आर्य समाज मंदिर के समीप शराब दुकान होने के कारण हालात और संवेदनशील हो गए हैं। यह इलाका पूरी तरह सार्वजनिक है। दिन भर यहां सैकड़ों लोग परिवार और बच्चों के साथ खरीदारी करने आते हैं, लेकिन शराबियों को सड़क किनारे जाम छलकाते देख लोग असहज हो जाते हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बच्चों की नजरें बचाने के लिए बार-बार रास्ता बदलना पड़ता है। कई बार तो शराब के नशे में लोग गाली-गलौज और हुड़दंग भी करते हैं, जिससे माहौल और खराब हो जाता है.
रहवासी इलाका, फिर भी कार्रवाई नदारद
यह इलाका बाजार क्षेत्र होने के कारण पुलिस की मौजूदगी हमेशा रहती है। इसके बावजूद सड़क पर खुलेआम शराब पी जा रही है और पुलिस सब कुछ देखते हुए भी अनदेखा कर रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस आंखों पर पट्टी बांधकर बैठी है।रहवासी इलाके में शराब दुकान होने से यहां रहने वाले लोग लंबे समय से परेशान हैं। कई बार शिकायतें भी की गईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई अब तक नहीं हुई।
विवेक त्रिपाठी के नेतृत्व में सड़कों पर उतरे लोग
जब स्थिति नियंत्रण से बाहर होने लगी, तो स्थानीय रहवासियों का सब्र भी जवाब दे गया। कांग्रेस नेता विवेक त्रिपाठी के नेतृत्व में सैकड़ों लोग एकत्रित हुए और शराब दुकान बंद करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद नागरिकों ने स्वयं संबंधित विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और शराब दुकान को तत्काल प्रभाव से बंद करने की मांग की।