SwadeshSwadesh

टायर गोदाम और आधा दर्जन दुकानों में लगी भीषण आग

Update: 2019-03-15 14:48 GMT

एक करोड़ से अधिक के नुकसान का अंदाजा

भोपाल/मध्य स्वदेश संवाददाता। राजधानी के कबाडख़ाना इलाके में शुक्रवार को तड़के भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से एक टायर गोदाम, ट्रक बॉडी का कारखाना सहित चार अन्य दुकाने जलकर खाक हो गई। फायर कर्मचारियों ने 6 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद में 40 से अधिक दमकलों की मदद से आग पर काबू पाया है। आग में एक करोड़ से अधिक के नुकसान का अनुमान है। आग लगने के सही कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि आग किसी अज्ञात व्यक्ति ने लगाई है। पुलिस आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है।

हनुमानगंज थाने के सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह के अनुसार आग तडक़े बरीब पांच बजे लगी है। आग ने सबसे पहले मोहसिन कुरैशी पिता अजग़र कुरैशी निवासी बाफना कॉलोनी के टायर गोदाम को चपेट में लिया था। मोहसिन के गोदाम में पुराने टायर भरे हुए थे। बड़ी संख्या में टायर सड़क पर भी रखे थे। वे पुराने टायरों का कारोबार करते हैं। उनकी दुकान से शुरू हुई आग ने पड़ोस के ट्रक बॉडी कारखाने को भी चपेट में ले लिया। उक्त कारखाना जफर भाई का बताया जा रहा है। इसी के साथ आग ने आस पास की तीन से चार छोटी-छोटी दुकानों को भी चपेट में लिया है। आग लगने के सही कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। आग लगाए जाने की बात की पुष्टि भी फिलहाल नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार आग पर काबू पाने के लिए भेल, मंत्रालय, पुलिस की दमकलें सहित शहर के सभी फायर स्टेशनों से चालिस से अधिक दमकलें मौके पर पहुंच गई थीं। आग पर काबू पाने में फायर फाइटरों को करीब 6 घंटे का समय लगा। सुबह 11:10 बजे तक आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया था। 

Similar News