SwadeshSwadesh

कांग्रेस के बागी ने बढ़ाई कांग्रेस की मुश्किल

Update: 2019-03-15 14:45 GMT

उच्च न्यायालय में दायर की याचिका

राजनीतिक संवाददाता  भोपाल

मध्यप्रदेश के जबलपुर में कांग्रेस के बागी ने ही कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कांग्रेस के बागी प्रत्याशी जितेन्द्र अवस्थी ने बरगी सीट से कांग्रेस के विधायक संजय यादव के खिलाफ चुनाव याचिका दायर की है। याचिका में कहा गया है कि जबलपुर जिला निर्वाचन कार्यालय ने याचिकाकर्ता का नामांकन पत्र, तय समय सीमा में मंजूर नहीं किया, जिससे वो चुनाव नहीं लड़ सके।

याचिका में मांग की गई है कि जबलपुर की बरगी सीट पर हुआ बीता विधानसभा चुनाव रद्द कर नए सिरे से चुनाव आयोजित करवाए जाएं। फिलहाल, याचिका पर सुनवाई करते हुए जबलपुर उच्च न्यायालय ने बरगी विधायक संजय यादव सहित राज्य निर्वाचन आयुक्त और जबलपुर जिला निर्वाचन अधिकारी के खिलाफ नोटिस जारी किया है। उच्च न्यायालय ने विधायक सहित सभी पक्षों से 4 हफ्तों में जवाब मांगा है। याचिका पर अगली सुनवाई 4 हफ्तों बाद की जाएगी।

बता दें कि बीते विधानसभा चुनाव में जबलपुर की बरगी सीट से कांग्रेस के कई दावेदार थे, लेकिन पार्टी ने टिकट संजय यादव को दिया था। टिकट ना दिए जाने से नाराज एक कांग्रेस नेता जितेन्द्र अवस्थी ने बगावत कर निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में पर्चा भरना चाहा था, लेकिन उनका नामांकन मंजूर नहीं किया गया। चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी संजय यादव करीब 18 हजार वोटों से चुनाव जीत गए थे जिनके खिलाफ अब कांग्रेस के बागी प्रत्याशी की याचिका पर उच्च न्यायालय ने नोटिस जारी कर जवाब तलब किए हैं। 2018 चुनाव में बरगी विधानसभा सीट पर भाजपा की प्रतिभा सिंह और कांग्रेस के संजय यादव के बीच मुकाबला था। जिसमें संजय यादव ने प्रतिभा सिंह को हराया था वहीं भाजपा प्रत्याशी प्रतिभा सिंह 2013 में कांग्रेस प्रत्याशी सोबरन सिंह को 7399 वोट से हराकर जीत दर्ज की थी।

कांग्रेस ने दिखाया बाहर का रास्ता

कांग्रेस में रहकर कांग्रेस पार्टी की मुश्किलें बढ़ाने वाले जबलपुर के कांग्रेस नेता जितेन्द्र अवस्थी पर पार्टी संगठन ने कार्यवाही करते हुए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर ने जितेन्द्र अवस्थी को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। अवस्थी ने कांग्रेस पार्टी में रहते हुएए बरगी से कांग्रेस विधायक संजय यादव के खिलाफ उच्च न्यायालय में चुनाव याचिका दायर की थी। हाल ही में जितेन्द्र अवस्थी की चुनाव याचिका पर जबलपुर उच्च न्यायालय ने विधायक संजय यादव के खिलाफ नोटिस जारी किया है। ऐसे में पार्टी संगठन ने अवस्थी को पार्टी के खिलाफ काम करने और अनुशनसनहीनता का दोषी माना है और उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।

Similar News