महिला जांबाजों के करतबों ने किया रोमांचित

Update: 2019-03-13 15:25 GMT

23 वीं वाहिनी की महिलाओं ने हथियारों के प्रदर्शन और मोटर साइकिल से दिखाये करतब

मध्य स्वदेश संवाददाता भोपाल

तीन मोटर साइकिलों पर एक साथ सवार होकर जब 15 महिला बाईकर्स निकली तो बड़ी संख्या में मौजूद जनसमूह रोमांचित होकर तालियां बजाने के लिये मजबूर हो गया। इसी तरह लगभग साढ़े चार किलो की रायफल थामे तीन दर्जन महिला जांबाजों ने कड़े अनुशासन के बीच साइलेंट वेपन ड्रिल पेश की तो संपूर्ण मोतीलाल नेहरू स्टेडियम करतल ध्वनि से गूंज उठा। महिला सशक्तिकरण की थीम पर विशेष सशस्त्र बल की 23 वीं वाहिनी के तत्वासवधान में यह आयोजन अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विजय यादव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ।


बुधवार की सांध्याबेला में राजधानी भोपाल स्थित मोतीलाल नेहरू स्टेडियम लाल परेड मैदान में आयोजित हुई साइलेंट वेपन ड्रिल में एसएएफ की 22 से लेकर 58 वर्ष आयु वर्ग की तीन दर्जन बहादुर महिलाओं ने हिस्सा लिया। इसी टुकड़ी में शामिल रही 15 महिला बाईकर्स ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। साइलेंट वेपन ड्रिल का नेतृत्व सुश्री मालती उइके ने किया। जीवन के लगभग 58 बसंत देख चुकी श्रीमती वीना थापा और श्रीमती जानकी यादव की बैंड की धुन के बीच साइलेंट वेपन ड्रिल देखते ही बनी। एसएएफ की महिला बाईकर्स में सुश्री निधि भट्ट व सुश्री पूजा सिंह के करतब ने दर्शकों को खूब रोमांचित किया। एसएएफ की महिला जांबाजों ने आग के बीच छलांग लगाकर यह दिखाया कि महिला शक्ति पुरूषों से कमतर नहीं है। साइलेंट ड्रिल के अंत में महिला जाबाजों ने दो समूहो में बंटकर राष्ट्रीय ध्वज व अपनी यूनिट का ध्वज फहराया। साथ ही भारत माता की जय हो के नारे लगाये।

उल्लेखनीय है कि अभी तक पैरा मिलिट्री फोर्स और सशस्त्र सेनाओं के जवान ही ऐसे करतब दिखाते रहे हैं। एसएएफ की 23 वीं वाहिनी की महिलाओं ने उसी तर्ज पर करतब दिखाकर यह साबित कर दिया है कि वे भी महिला सशक्तिकरण की अगुआ हैं। आरंभ में मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विजय यादव ने महिला टुकड़ी की सलामी ली। उन्होंने अंत में प्रशिक्षको को स्मृति चिन्हट भेंट किये। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक तकनीकी सेवाएं डी.सी.सागर, पुलिस महानिरीक्षक एसएएफ अनंत कुमार सिंह तथा 23 वीं वाहिनी की कमांडेट सुश्री सिमाला प्रसाद सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी व कर्मचारी और नागरिक मौजूद थे।

10 दिन में प्रशिक्षित हुईं जांबाज

मोटर साइकिल पर करतब दिखाने वाली महिला जांबाजों को प्रशिक्षकों ने मात्र 10 दिन के भीतर हैरतअंगेज प्रदर्शन के लिए तैयार किया है। कार्यक्रम के दौरान आसमान में छोड़े गये रंगीन गुब्बारों और हर्ष फायर ने वातावरण को खुशनुमा बना दिया।

अपराध अनुसंधान कौशल उन्नशयन प्रशिक्षण का समापन आज

भोपाल। महिलाएं एवं बच्चों के अपराधों से संबंधित विवेचना पर केन्द्रित तीन दिवसीय अपराध अनुसंधान कौशल उन्नयन प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन जिला न्यापयधीश राजेन्द्र कुमार वर्मा के मुख्य आतिथ्य में 14 मार्च को शाम 5 बजे पीटीआरआई के सभागार में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस महानिदेशक विजय कुमार सिंह करेंगे। विगत 11 मार्च को शुरू हुए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश भर के उपनिरीक्षक स्तर के लगभग एक सैकड़ा पुलिस अधिकारी महिला अपराधों से संबंधित प्रकरणों की विवेचना की बारीकियां सीख रहे हैं।

Similar News