जंगल छोड़ कॉलेज के पीछे बायपास पर दिखा तेंदुआ, वन विभाग ने लोगों को किया अलर्ट

जंगल से निकलकर एक तेंदुआ रहवासी आबादी के पास पहुंच गया। तेंदुए की हलचल से बंडा में दहशत फैल गई। तेंदुए की चहलकदमी का वीडियो वायरल।

Update: 2025-12-13 11:53 GMT

सागरः मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक तेंदुआ शहरी इलाके के बिल्कुल नजदीक पहुंच गया। इसका वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। तेंदुए की चहलकदमी का पता चलते ही लोगों में दहशत है।

पहले तेंदुआ रात में कॉलेज परिसर के पास एक रोड पर दिखा। इसके बाद सुबह एक फॉर्म हाउस के पास खेत में नजर आया। तेंदुए की चहलकदमी का पता चलने के बाद से वन विभाग की टीमें वन्यजीव की तलाश में जुटी हैं। हालांकि तेंदुए का कुछ पता नहीं चल पाया है।

फोरलेन के पास मूवमेंट करता नजर आया तेंदुआ

दरअसल, बीती रात बंडा में कॉलेज रोड फोरलेन के बायपास के पास एक तेंदुआ दिखाई दिया। इसकी जानकारी तब मिली जब कार से सफर कर रहे यात्री ने यह वीडियो बनाया और लोगों सतर्क करने के लिए सोशल मीडिया में पोस्ट किया। इसके बाद से लोगों में दहशत है।

कार ड्राइवर ने बनाया वीडियो

वीडियो में नजर आ रहा है कि पहले तेंदुआ रोड के साइड में चल रहा था। फिर अचानक से वह कार के सामने से होते हुए सड़क क्रॉस करके दूसरी तरफ रात के अंधेरे में गायब हो गया। तेंदुए की चहलकदमी का पता चलते ही ग्रामीण अपने खेत का काम छोड़कर सुरक्षित घरों की तरफ चले गए हैं।

वन परिक्षेत्र अधिकारी ने बताया कि विभाग के अधिकारियों को सूचित किया गया है। तेंदुए के मूवमेंट की खबर मिलने पर वन अमले को मौके पर भेजा गया है। इधर सुबह से ही वन विभाग की टीमें तेंदुए की सर्चिंग में लगी हुई हैं। आबादी वाले सटे इलाके में उसके पंजों के निशान भी मिले हैं। संभावना है कि तेंदुआ पास के जंगली इलाके में छिप गया हो। वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि अकेले खेत में ना जाएं। उन्होंने रात के समय घर से बाहर ना सोने की अपील की है।साथ ही कहा कि मवेशियों को भी अंदर बांधे।

Tags:    

Similar News