देश में कोरोना मरीजों की संख्या में गिरावट, 1 लाख 14 हजार, 460 नए मामले
नईदिल्ली। देश में पिछले दिनों के मुकाबले कोरोना के नए मामलों में थोड़ी कमी दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में कोरोना के एक लाख 14 हजार, 460 नए मामले सामने आए हैं, जबकि इस बीमारी से 2677 लोगों की मौत हो गई। 24 घंटे 1 लाख, 89 हजार, 232 मरीज स्वस्थ हुए हैं। पिछले 24 दिनों से लगातार स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या नए मरीजों से अधिक है।
राहत भरी बात यह है कि देश में नए मामले आने की दर यानि पॉजिटिविटी दर में कमी आई है। पिछले 13 दिनों से लगातार पॉजिटिविटी दर 10 प्रतिशत से नीचे है । पिछले 24 घटे में पॉजिटिविटी दर 5.62 प्रतिशत रही है।केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में अबतक कोरोना के कुल 2,88,09,339 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, इस बीमारी से अबतक 3,46,759 लोगों की मौत हो चुकी है। एक्टिव मरीज की संख्या 14,77,799 है। वहीं, राहत भरी खबर है कि कोरोना से अबतक 2,69,84,781 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
रिकवरी रेट 93.67 फीसद
कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है जो राहत की बात है। रिकवरी रेट में सुधार हो रहा है। पिछले 24 घंटे में देश का रिकवरी रेट बढ़कर 93.67 प्रतिशत हो गया है। आईसीएमआर के अनुसार देश में पिछले 24 घंटों में कुल 20,36,311 परीक्षण किए गए और कुल मिलाकर भारत ने अब तक 36.4 करोड़ (36,47,46,522) से अधिक परीक्षण किए हैं। हां एक तरफ देश भर में टेस्टिंग को बढ़ाया गया है, वहीं साप्ताहिक केस पॉजिटिविटी में लगातार गिरावट देखी जा रही है। साप्ताहिक सकारात्मकता दर वर्तमान में 6.54% है जबकि दैनिक सकारात्मकता दर आज 5.62% है। लगातार 13 दिनों से यह 10% से कम बना हुआ है।