पिथौरागढ़ में पारा माइनस 24ः राजस्थान के 10 शहर 10 डिग्री से नीचे, यूपी-बिहार में घने कोहरे का अलर्ट

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में पारा माइनस 24 डिग्री पहुंचा, राजस्थान के कई शहरों में कड़ाके की ठंड, यूपी-बिहार में घने कोहरे का अलर्ट।

Update: 2026-02-09 06:58 GMT

नई दिल्ली। फरवरी की शुरुआत में ही मौसम ने पूरे देश में कड़ाके की ठंड का एहसास करा दिया है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक सर्दी का असर साफ दिखाई दे रहा है। कहीं बर्फबारी, कहीं कोहरा तो कहीं तापमान लगातार गिरता जा रहा है. उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी में ठंड ने इस बार सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन पूरी तरह ठहर सा गया है। 


उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट 

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में आज हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं हरिद्वार और उधम सिंह नगर में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि 9 से 11 फरवरी के बीच पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के चलते पहाड़ी इलाकों में मौसम सक्रिय बना रहेगा। प्रदेश के 7 शहरों में न्यूनतम तापमान माइनस 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है। 


राजस्थान में कड़ाके की ठंड, कई शहर ठिठुरे

राजस्थान में भी सर्दी ने लोगों को बेहाल कर रखा है। प्रदेश के 10 से ज्यादा शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में फतेहपुर और पाली सबसे ठंडे रहे, जहां तापमान क्रमशः 4.9 डिग्री और 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया अलवर में सुबह के समय सरसों की फसल पर ओस जम गई, जिससे खेतों में सफेद परत दिखाई दी। ग्रामीण इलाकों में ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।


यूपी-बिहार में घना कोहरा, विजिबिलिटी रहेगी कम

उत्तर प्रदेश के 19 और बिहार के 5 जिलों में आज घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार सुबह और देर रात के समय विजिबिलिटी काफी कम हो सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। बिहार में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन तापमान में 1 से 3 डिग्री तक उतार-चढ़ाव देखा जा सकता है। सुबह-शाम ठंड बनी रहेगी, जबकि दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिलेगी। 


हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भी बदलेगा मिजाज

10 फरवरी को हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है। वहीं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में तेज हवाओं के साथ बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। 11 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ का असर धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगेगा। इसके बाद मैदानी इलाकों में कोहरे की तीव्रता कम हो सकती है, हालांकि ठंड अभी पूरी तरह जाने वाली नहीं है. देश के अलग-अलग हिस्सों में बदले इस मौसम ने साफ कर दिया है कि फरवरी अभी सर्दी का असर दिखाती रहेगी, और लोगों को कुछ दिन और ठिठुरन झेलनी पड़ सकती है।

Tags:    

Similar News