Air India फ्रांस की Airbus कंपनी से खरीदेगी 250 विमान, रतन टाटा की मौजूदगी में डील मंजूर

मोदी ने कहा भारत-फ्रांस संबंधों को मिलेगी नई ऊंचाई

Update: 2023-02-14 14:16 GMT

नईदिल्ली। देश की प्रमुख नागरिक उड्डयन कंपनी एयर इंडिया ने फ्रांस की विमान निर्माता कंपनी एयरबस से 250 विमान खरीदने के लिए मंगलवार को आशयपत्र पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आशा व्यक्त की कि इससे दोनों देशों के बीच संबंध नई ऊंचाई छुएंगे।


प्रधानमंत्री मोदी, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और टाटा समूह के मुखिया रतन टाटा की वर्चुअल उपस्थिति में टाटासन्स के अध्यक्ष नटराजन चन्द्रशेखरन ने इस सौदे की घोषणा की। प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि समझौते से भारत और फ्रांस के रिश्तों में और मजबूती आएगी तथा भारत का नागरिक उड्डयन क्षेत्र अधिक सक्षम बनेगा।

उन्होंने कहा कि देश में विमान सेवाओं का जाल बिछाना सरकार की आधारभूत ढांचा विकास योजनाओं का एक प्रमुख हिस्सा है। देश में हवाई अड्डों की संख्या पिछले एक दशक के दौरान 74 से बढ़कर 147 हो गई है। अनुमान है कि अगले 15 वर्ष में देश में करीब 2 हजार यात्री विमानों की आवश्यकता होगी। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा बाजार बन जाएगा।मोदी ने कहा कि भारत में दुनिया की विभिन्न विमान सेवाएं कार्यरत हैं। सरकार का प्रयास है कि विमानों के रखरखाव और मरम्मत आदि के लिए देश को एक हब के तौर पर विकसित किया जाए। उन्होंने इसमें भागीदार बनने के लिए विभिन्न कंपनियों का आमंत्रित किया।

मोदी ने भारत और फ्रांस के रणनीतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह हिन्द प्रशांत क्षेत्र सहित दुनिया में सुरक्षा और स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। खाद्य और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए भी दोनों देश मिलकर काम कर रहे हैं।फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने एयर इंडिया और एयरबस के बीच समझौते का स्वागत करते हुए कहा कि हम भारत के साथ सहयोग के नए क्षेत्रों के लिए उत्सुक हैं। दोनों देश अपनी क्षमताओं का उपयोग कर बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं।

Tags:    

Similar News