अब मोबाइल से घर बैठे बिजली बिल देखें और तुरंत भरें, बस WhatsApp खोलें!
MP बिजली कंपनी ने WhatsApp चैटबॉट से बिल देखना और पे करना आसान बनाया, घर बैठे करें तुरंत भुगतान और सेवाएं।
भोपाल। अब बिजली का बिल चुकाना और उसे डाउनलोड करना हुआ आसान। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने अपने उपभोक्ताओं के लिए WhatsApp चैटबॉट शुरू किया है। इसका मतलब है कि अब आप घर बैठे ही मोबाइल से बिल देख सकते हैं, डाउनलोड कर सकते हैं और तुरंत पे भी कर सकते हैं।
घर बैठे दस सेवाओं का लाभ
कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक, चैटबॉट नंबर 07552551222 पर बस "हाय" लिखते ही आपके सामने 10 सेवाओं की पूरी लिस्ट आ जाएगी। इसमें बिल डाउनलोड और पेमेंट के अलावा कई सुविधाएं हैं। सबसे आसान तरीका ये है कि अगर आपको अपने घर का बिजली बिल भरना है, तो लिस्ट में 2 नंबर – फॉर बिल (एलटी/एचटी) चुनें। इसके बाद आपके पास 1 नंबर – व्यू एंड पे एलटी बिल का ऑप्शन आएगा।
बिल देखने और भुगतान की प्रक्रिया
रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर डालते ही आपके कनेक्शन नंबर दिखाई देंगे। जिस नंबर का बिल चाहिए, उसे चुनते ही आपके मोबाइल पर बिल की PDF और राशि आ जाएगी। इसके बाद दो विकल्प मिलेंगे – व्यू एंड पे और पे नाऊ। अगर पहले सिर्फ बिल देखना है तो 'व्यू एंड पे' पर टैप करें, और अगर भुगतान करना है तो 'पे नाऊ' चुनें। पैसे भेजने के विकल्प भी आसान हैं वॉट्सएप पे, गूगल पे, फोन पे, पेटीएम और बाकी UPI ऐप्स। भुगतान पूरी होते ही आपके मोबाइल पर रसीद आ जाएगी, जिसे सेव या स्क्रीनशॉट किया जा सकता है।
पूरी लिस्ट: WhatsApp से मिलने वाली सुविधाएं
- शिकायत दर्ज करें (फॉर कंप्लेंट)
- बिल (एलटी/एचटी) देखें और पे करें
- अन्य एप्लीकेशंस देखें
- मोबाइल को कनेक्शन नंबर से लिंक करें
- स्वयं की रीडिंग दर्ज करें
- नया कनेक्शन या नेट मीटरिंग के लिए आवेदन
- मौजूदा कनेक्शन में बदलाव के लिए आवेदन
- फिजिकल बिल के लिए आवेदन
- सोलर रूफटॉप नेट मीटरिंग
- मोबाइल नंबर जोड़ें या हटाएँ
अधिकारियों का कहना
ऋषि गर्ग, सीएमडी, एमपी बिजली वितरण कंपनी ने बताया कि, “उपभोक्ता अब अपने मोबाइल पर घर बैठे इस सुविधा का नि:शुल्क लाभ ले सकते हैं।” इस सुविधा की वजह से अब लोगों को लाइन में खड़े होने या ऑफिस दौड़ने की जरूरत नहीं, बिल पेमेंट और अन्य सेवाओं का पूरा अनुभव घर पर ही मिल जाएगा।