बिजली चोरी बताइए, इनाम पाइए: खबर देने वालों को मिले दो लाख से अधिक के इनाम

Update: 2026-02-06 05:06 GMT

बिजली कंपनी की प्रोत्साहन योजना में अधिकारियों व कर्मचारियों को भी लाभ

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी बिजली चोरी की सूचना देने वालों को अधिकतम 50 हजार रुपये का इनाम देती है। इसमें से 5 प्रतिशत राशि, जिसकी अधिकतम सीमा 25 हजार रुपये है, तुरंत दी जाती है, जबकि शेष 5 प्रतिशत राशि, जिसकी अधिकतम सीमा भी 25 हजार रुपये है, पूर्ण वसूली के बाद प्रदान की जाती है।

योजना के तहत एक अप्रैल से 31 जनवरी तक 167 सटीक सूचनाएं देने वालों को कुल 2 लाख 6 हजार रुपये सीधे उनके बैंक खातों में जमा कराए गए हैं। इसके साथ ही जांच एवं वसूली की कार्रवाई करने वाले संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को भी तीन हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि उनके मासिक वेतन में जोड़कर भुगतान की गई है।

कंपनी के सीएमडी ऋषि गर्ग ने बताया कि योजना के संशोधित प्रावधानों के अनुसार पांच प्रतिशत राशि का भुगतान संबंधित सूचनाकर्ता को सूचना सही पाए जाने पर जारी अंतिम निर्धारण आदेश के तुरंत बाद कर दिया जाता है।

कंपनी के कर्मचारी भी योजना में शामिल

कंपनी में कार्यरत नियमित, संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों को भी सूचनाकर्ता के रूप में शामिल किया गया है। हालांकि, उन्हें सूचना सही पाए जाने और जारी अंतिम निर्धारण आदेश की पूर्ण वसूली होने पर ही एक प्रतिशत प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

कंपनी ने बताया कि पारितोषिक योजना से जुड़ी पूरी प्रक्रिया, जैसे बिलिंग और भुगतान से संबंधित गतिविधियां, पूरी तरह गोपनीय और ऑनलाइन हैं। अब सूचनाकर्ता को कंपनी के पोर्टल पर गुप्त रूप से निर्धारित प्रारूप में बैंक खाता विवरण के साथ पहचान के लिए आधार या पैन नंबर देना अनिवार्य किया गया है। पारितोषिक योजना के तहत सूचनाकर्ता की जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि कंपनी ने ऑनलाइन प्रक्रिया प्रारंभ होने से पूर्व 63 प्रकरणों में पूर्ण राशि का भुगतान प्राप्त होने पर सात सफल सूचनाकर्ताओं को भी प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया था। कुल मिलाकर सूचनाकर्ताओं को उनके खातों में 2.18 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया गया है।

Similar News