BHOPAL: जीरापुर उप डाकघर में 1.23 करोड़ के घोटाले में ईडी का शिकंजा

Update: 2026-02-06 05:34 GMT

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), भोपाल ने डाक विभाग से जुड़े एक घोटाले में कार्रवाई करते हुए अशोक कुमार सोनी के खिलाफ पीएमएलए के तहत अभियोजन शिकायत (प्रोसिक्यूशन कंप्लेंट) दर्ज की है। यह शिकायत विशेष न्यायालय (पीएमएलए), भोपाल में दाखिल की गई है। मामले में अदालत ने आरोपी के खिलाफ प्री-कॉग्निजेंस सुनवाई के लिए नोटिस जारी किया है।

1 करोड़ 23 लाख 31 हजार 180 रुपये की धोखाधड़ी

आरोप है कि अशोक कुमार सोनी ने राजगढ़ जिले के जीरापुर उप डाकघर में पदस्थापना के दौरान 1 करोड़ 23 लाख 31 हजार 180 रुपये की धोखाधड़ी की थी। प्रवर्तन निदेशालय के अनुसार, इस मामले की जांच सीबीआई भोपाल द्वारा अशोक कुमार सोनी के खिलाफ दर्ज आपराधिक प्रकरण के आधार पर शुरू की गई थी। सीबीआई ने 15 दिसंबर 2020 को इस मामले में सीबीआई मामलों की विशेष अदालत में चार्जशीट क्रमांक 16/2020 दाखिल की थी।

सब पोस्ट मास्टर रहते किया घोटाला

ईडी की जांच में सामने आया है कि जब अशोक कुमार सोनी राजगढ़ जिले के जीरापुर उप डाकघर में सब पोस्ट मास्टर के पद पर पदस्थ था, तब उसने दिसंबर 2016 से मई 2017 के बीच अपने पद का दुरुपयोग किया। आरोप है कि उसने संजय पोस्ट सॉफ्टवेयर का उपयोग कर 138 पोस्टल सेविंग बैंक खातों में बैंक डेटा में हेरफेर कर फर्जी जमा प्रविष्टियां कीं, जिससे खातों का बैलेंस वास्तविक नकद जमा किए बिना ही कृत्रिम रूप से बढ़ गया।

खातों को माइग्रेट कर निकाली रकम

इसके बाद इन खातों को संजय पोस्ट सिस्टम से फाइनेंशियल सिस्टम में माइग्रेट कराकर आरोपी ने उन्हीं खातों से कुल 1 करोड़ 23 लाख 31 हजार 180 रुपये की धोखाधड़ी से निकासी कर ली। प्रवर्तन निदेशालय के अनुसार, मामले का खुलासा होने के बाद आरोपी ने नवंबर और दिसंबर 2017 में 1 करोड़ 24 लाख 44 हजार 800 रुपये नकद के रूप में वापस जमा किए थे।

फिलहाल, इस मामले में ईडी की कानूनी कार्रवाई जारी है और अदालत में सुनवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

Similar News