भारतीय सेना ने लॉन्च किया फ्रेंड्स फॉर लाइफः 99 देशों के सैन्य प्रमुखों को जोड़ेगा
भारतीय सेना ने 99 देशों के सैन्य नेताओं को जोड़ने के लिए 'फ्रेंड्स फॉर लाइफ' वेबसाइट लॉन्च की। यह पेशेवर और वैश्विक सैन्य नेटवर्क मजबूत करेगा।
नई दिल्ली। भारतीय सेना ने गुरुवार को ‘फ्रेंड्स फॉर लाइफ’ नामक डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया। सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने इस वेबसाइट का शुभारंभ किया। इस मौके पर 39 मित्र देशों के विदेश सेवा अटैचियों ने भी भाग लिया। इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य है 99 देशों के सैन्य नेताओं और पूर्व छात्रों को जोड़ना, जिन्होंने भारतीय सेना के प्रशिक्षण संस्थानों में साथ प्रशिक्षण लिया है। सेना के अनुसार, यह मंच पेशेवर जुड़ाव को बढ़ाएगा और स्थायी संबंधों को मजबूत करेगा।
वैश्विक सैन्य नेटवर्क
पिछले एक दशक में भारतीय सेना ने 21,500 से अधिक विदेशी सैन्य कर्मियों को प्रशिक्षित किया है। सेना ने X पर कहा "यह मंच भारतीय और विदेशी पूर्व छात्रों के बीच निरंतर पेशेवर जुड़ाव को बढ़ावा देगा और स्थायी संबंधों को पुनर्जीवित करेगा।"‘फ्रेंड्स फॉर लाइफ’ पहल के जरिए सेना सैन्य संस्थानों को मजबूत करेगी, सहयोग और अंतर-संचालनीयता बढ़ाएगी एवं वैश्विक रक्षा नेटवर्क बनाएगी।
किर्गिस्तान के साथ विशेष बल अभ्यास ‘खंजर’
भारत और किर्गिस्तान के बीच वार्षिक विशेष बल अभ्यास ‘खंजर’ 4 फरवरी से 17 फरवरी तक असम के मिसामारी में चल रहा है। भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व पैराशूट रेजिमेंट (विशेष बल) के 20 जवानों ने किया, जबकि किर्गिस्तान की टीम में भी समान संख्या के जवान शामिल हैं। अभ्यास में मुख्य फोकस
शहरी और पहाड़ी इलाकों में आतंकवाद विरोधी अभियानों का अनुभव साझा करना
स्नाइपिंग, जटिल भवन घुसपैठ और पर्वतीय कौशल विकसित करना
अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद और चरमपंथ से निपटने के लिए रणनीतियों का आदान-प्रदान
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह अभ्यास भारत और किर्गिस्तान की शांति, स्थिरता और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।