जालंधर। पंजाब के जालंधर से गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबेरॉय की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमला इतना अचानक और बेरहमी से किया गया कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। घटना मॉडल टाउन इलाके की है, जहां गुरुद्वारे के बाहर यह वारदात हुई।
गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद हुआ हमला
53 वर्षीय लक्की ओबेरॉय रोज़ की तरह गुरुद्वारे में माथा टेकने पहुंचे थे। जब वे अरदास के बाद बाहर निकले और अपनी थार गाड़ी में बैठने लगे, तभी स्कूटी पर सवार बदमाश वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने कुल 6 गोलियां मारीं। 5 गोलियां सीने में और एक गोली सिर पर लगी, जिससे मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
CCTV फुटेज आया सामने, पूरी वारदात कैद
इस हत्याकांड का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि बदमाश कितनी तेजी से आए और गोलियां बरसाकर फरार हो गए। फुटेज के सामने आने के बाद पुलिस को जांच में कुछ अहम सुराग मिलने की उम्मीद है, हालांकि अभी हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है।
अस्पताल ले जाया गया, लेकिन नहीं बची जान
गंभीर हालत में परिजन उन्हें मॉडल टाउन के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार को यकीन नहीं हुआ तो वे उन्हें श्रीराम अस्पताल लेकर गए, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी। बताया जा रहा है कि ओबेरॉय का कुछ दिन पहले ही जन्मदिन था, परिवार में खुशी का माहौल था, जो पल भर में मातम में बदल गया।
पुलिस को टारगेट किलिंग की आशंका
एडीसीपी जयंत पुरी ने बताया कि घटना के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और हमलावरों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को शुरुआती जांच में यह टारगेट किलिंग लग रही है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गैंगस्टर शेरू ग्रुप ने 25 दिसंबर 2025 को सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर लक्की ओबेरॉय को धमकी दी थी। इसके अलावा खालसा कॉलेज की प्रधानगी को लेकर भी उनका विवाद चल रहा था, जिसे जांच के दायरे में लिया गया है।
AAP में थे अहम जिम्मेदारी में
लक्की ओबेरॉय आम आदमी पार्टी से जालंधर कैंट विधानसभा सीट के हलका इंचार्ज थे और स्थानीय राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती थी। उनकी हत्या से न सिर्फ AAP बल्कि पूरे पंजाब की राजनीति में हलचल मच गई है।