सावन में बरसेंगे नियुक्तियों के बादल: जुलाई से नियुक्तियों का सिलसिला

Update: 2025-07-12 15:34 GMT

भोपाल। भाजपा नेताओं के लिए यह सावन सुखद साबित होने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विदेश यात्रा से वापसी के बाद निगम, मंडलों के साथ अन्य रिक्त पड़े पदों पर नियुक्ति का सिलसिला आरम्भ हो जाएगा। केंद्रीय नेतृत्व ने ये नियुक्तियां शीघ्र करने के निर्देश दिए हैं।

उल्लेखनीय है कि सरकार बनने के बाद नियुक्तियों को लेकर भाजपा में लंबे समय से प्रतीक्षा है। कारण शिवराज सिंह के कार्यकाल में भी काफी पद रिक्त ही रह गए थे। नए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव केंद्रीय नेतृत्व से इस संदर्भ में भेंट कर चुके हैं। दिल्ली से मिले निर्देशों के बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा अध्यक्ष से रिक्त पदों के लिए उचित व्यक्तियों के नाम देने को कहा है। बताते हैं भाजपा अध्यक्ष इस पर संगठन से चर्चा कर नाम तैयार कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री यादव और अध्यक्ष खंडेलवाल तय नामों पर चर्चा कर केंद्रीय संगठन को अवगत करवाएंगे। बताते हैं विधानसभा चुनाव हारे नेताओं को इस बार कम तवज्जो दी जाए इस पर भी विचार चल रहा है। इससे पहले तय हो चुका है कि सांसद, विधायकों को अन्य पद नहीं दिया जाएगा। मुख्यमंत्री यादव चाहते हैं कि इस बार नए चेहरों को ज्यादा अवसर दिया जाए। जिला स्तर की नियुक्तियां, वरिष्ठ पार्षद, जन भागीदारी समिति, जिला योजना समिति आदि पर काम पहले ही काफी हो चुका है, अतः उनकी घोषणा जल्दी हो सकती है।

मुख्यमंत्री यादव 13 से 19 जुलाई तक दुबई और स्पेन की यात्रा पर हैं। वापसी के बाद 20 जुलाई को इस बारे में वे सभी नेताओं से चर्चा कर नामों को अंतिम रूप देंगे। ये सभी नियुक्तियां सत्ता और संगठन के समन्वय से हो रही हैं।

भाजपा संगठन के लिए भी इस बार नाम तय करना आसान नहीं है। क्योंकि हर पद के लिए कई कई दावेदार हैं। पूर्व में जो नेता निगम मंडलों में पद पर रह चुके हैं, उन्हें इस बार संभवतः मौका नहीं मिलेगा। नियुक्तियों में क्षेत्र, जातिगत गणित और संगठन के प्रति निष्ठा और प्रदर्शन की क्षमता को अहमियत दी जाएगी।

वैसे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यकाल में हुई नियुक्तियों को लेकर राजनैतिक और प्रशासनिक क्षेत्रों में एक सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली है। इस बीच नए अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सभी बड़े नेताओं से मिलकर इस मसले पर चर्चा कर रहे हैं। इस सिलसिले में शनिवार को उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भी मुलाकात की। इससे पहले खंडेलवाल, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से चर्चा कर चुके हैं।

Similar News