bengaluru

छठ पर घर जाने की ऐसी चाह! ट्रेन टिकट नहीं मिला तो 26 लाख की सफारी खरीद ली

बेंगलुरु से बिहार तक का सफर तय करने के लिए परिवार ने अपनाया अनोखा रास्ता, छठ पूजा पर घर पहुंचने की चाह में खरीदी 26 लाख रुपये की सफारी

By : मांडवी मिश्रा
छठ पर घर जाने की ऐसी चाह! ट्रेन टिकट नहीं मिला तो 26 लाख की सफारी खरीद ली

छठ पर घर जाने की ऐसी चाह! ट्रेन टिकट नहीं मिला तो 26 लाख की सफारी खरीद ली

छठ महापर्व पर घर लौटने की चाहत लोगों से क्या-क्या नहीं करवा देती! कोई महीनों पहले ट्रेन का टिकट बुक कराता है, तो कोई बस और फ्लाइट का सहारा लेता है। लेकिन इस बार एक परिवार ने घर पहुंचने के लिए ऐसा फैसला लिया, जिसने सबका ध्यान खींच लिया। ट्रेन में कन्फर्म टिकट नहीं मिला तो परिवार ने करीब 26 लाख रुपये की सफारी कार ही खरीद डाली और बेंगलुरु से बिहार के लिए रवाना हो गया।

 छठ पूजा बिहार का सबसे बड़ा लोकआस्था का पर्व माना जाता है। इस मौके पर दूसरे राज्यों में नौकरी और कारोबार करने वाले बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौटते हैं। इसी वजह से त्योहार के आसपास ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है और कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में इस परिवार के सामने भी घर पहुंचने की चुनौती खड़ी हो गई।

दरअसल, यह कहानी बिहार के बेगूसराय जिले के गढ़हारा गांव के रहने वाले धनंजय कुमार की है। धनंजय काम के सिलसिले में बेंगलुरु में रहते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले तीन साल से वह छठ पूजा पर अपने गांव नहीं आ पा रहे थे। इस बार उन्होंने ठान लिया था कि चाहे कुछ भी हो जाए, छठ का पर्व परिवार के साथ गांव में ही मनाएंगे।

दो महीने तक तलाशते रहे ट्रेन का टिकट

धनंजय ने बताया कि उन्होंने करीब दो महीने तक ट्रेन में टिकट बुक कराने की कोशिश की, लेकिन कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाया। इसके बाद उन्होंने बेंगलुरु से पटना की फ्लाइट का किराया चेक किया। शुरुआत में हवाई टिकट करीब 17,500 रुपये का था, लेकिन बाद में यह बढ़कर 25 हजार रुपये तक पहुंच गया।

ऐसे में धनंजय ने सोचा कि जब गाड़ी खरीदने का विचार पहले से है, तो क्यों न इस बार नई गाड़ी लेकर ही गांव पहुंचा जाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर लोगों से सलाह भी मांगी कि बेंगलुरु से बिहार कैसे पहुंचा जाए। कई लोगों ने उन्हें कार से सफर करने का सुझाव दिया।

26 लाख रुपये में खरीदी टाटा सफारी

लोगों की सलाह के बाद धनंजय टाटा की एजेंसी पहुंचे। वहां नई गाड़ी की वेटिंग काफी ज्यादा थी। लेकिन जब उन्होंने एजेंसी के कर्मचारियों को बताया कि उन्हें छठ पर हर हाल में गांव पहुंचना है, तो कर्मचारियों ने सहयोग किया। आखिरकार उन्हें 26 लाख रुपये में नई टाटा सफारी की डिलीवरी मिल गई। यह डिलीवरी उनकी यात्रा शुरू होने से करीब 10 दिन पहले हुई।

गाड़ी की जरूरी सर्विसिंग कराने के बाद धनंजय ने परिवार के साथ सफर की तैयारी शुरू कर दी।

चार दिन में तय किया करीब 2 हजार किलोमीटर का सफर

धनंजय 4 नवंबर को अपनी पत्नी ज्योति कुमारी, 8 साल के बेटे कुमार दश, 2 साल के बेटे ध्रुव और दोस्त हिमांशु के साथ बेंगलुरु से बिहार के लिए रवाना हुए। करीब चार दिन बाद यानी 8 नवंबर को पूरा परिवार बेगूसराय स्थित अपने गांव पहुंच गया।

इस दौरान उन्होंने सफर को सिर्फ घर पहुंचने तक सीमित नहीं रखा, बल्कि रास्ते में कई जगह घूमने का भी आनंद लिया। पहले दिन सड़क की खराब स्थिति के कारण नागपुर पहुंचने से पहले ही उन्हें रुकना पड़ा। इसके बाद वे मध्य प्रदेश के रीवा पहुंचे और वहां कुछ समय बिताया।

फिर प्रयागराज पहुंचकर संगम में स्नान किया। इसके बाद वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन और पूजन किए। यहां से पटना होते हुए आखिरकार अपने गांव बेगूसराय पहुंच गए।

सफर में डीजल पर खर्च हुए 13 हजार रुपये

धनंजय के मुताबिक, बेंगलुरु से बेगूसराय तक के सफर में करीब 13 हजार रुपये का डीजल लगा। वहीं होटल में ठहरने, खाने-पीने और घूमने-फिरने सहित लगभग 26 हजार रुपये खर्च हुए। रास्ते में कुछ जगह सड़क निर्माण के कारण परेशानी हुई। मध्य प्रदेश में सड़क पर मवेशियों के आ जाने से भी उन्हें सावधानी बरतनी पड़ी।

लंबे सफर में बच्चों को परेशानी न हो, इसके लिए उन्होंने कार में मनोरंजन और आराम का भी खास इंतजाम किया था। बच्चों के लिए लूडो और दूसरे गेम रखे गए थे। साथ ही कार में सोने की व्यवस्था भी की गई थी। सफर के दौरान छोटे बेटे ध्रुव की तबीयत थोड़ी खराब हुई, लेकिन परिवार ने यात्रा का पूरा आनंद लिया।

अब वापसी में कोलकाता और जगन्नाथ पुरी घूमने की तैयारी

धनंजय ने बताया कि तीन साल बाद गांव पहुंचकर उन्हें और उनके परिवार को काफी खुशी हुई। अब उन्होंने बेंगलुरु लौटने के लिए भी अलग योजना बनाई है। सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें वापसी के दौरान कोलकाता और जगन्नाथ पुरी घूमने की सलाह दी है। ऐसे में अब उनका इरादा इन जगहों की सैर करते हुए वापस बेंगलुरु जाने का है। फिलहाल उन्होंने वापसी की तारीख तय नहीं की है।

 ट्रेन में टिकट न मिलने से शुरू हुई यह परेशानी एक यादगार रोड ट्रिप में बदल गई। छठ पर गांव पहुंचने की चाह में धनंजय ने 26 लाख रुपये की नई सफारी खरीद ली और परिवार के साथ करीब 2 हजार किलोमीटर का सफर तय कर अपनी मंजिल तक पहुंच गए।

संबंधित सामग्री

कानपुर से दिल्ली के लिए नई एक्सप्रेस शुरू, 22 LHB कोच वाली ट्रेन 428 किमी का सफर तय करेगी; इन शहरों को मिलेगा फायदा

कानपुर से दिल्ली के लिए नई एक्सप्रेस शुरू, 22 LHB कोच वाली ट्रेन 428 किमी का सफर तय करेगी; इन शहरों को मिलेगा फायदा

अश्विनी वैष्णव और सांसद रमेश अवस्थी ने कानपुर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। 22 LHB कोच वाली यह ट्रेन 428 किमी का सफर तय कर आनंद विहार पहुंचेगी।

Nov 16, 2026
Railway RAC Rules: ट्रेन में आधी बर्थ पर सफर करने वालों को मिलेगी राहत? रेलवे कर रहा नियमों की समीक्षा

Railway RAC Rules: ट्रेन में आधी बर्थ पर सफर करने वालों को मिलेगी राहत? रेलवे कर रहा नियमों की समीक्षा

भारतीय रेलवे में RAC टिकट लेकर सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की उम्मीद जगी है। रेलवे मौजूदा RAC टिकट व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है

Nov 16, 2026
. सूर्योदय के साथ पूर्ण हुआ आस्था का अनुष्ठान, छठ घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

. सूर्योदय के साथ पूर्ण हुआ आस्था का अनुष्ठान, छठ घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत के अंतिम दिन तड़के से ही पटना, दिल्ली समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी

Nov 16, 2026
Chhath Puja 2026:उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूरा हुआ छठ महापर्व , पीएम मोदी ने दी छठ पर्व की शुभकामनाएं

Chhath Puja 2026:उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पूरा हुआ छठ महापर्व , पीएम मोदी ने दी छठ पर्व की शुभकामनाएं

उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व संपन्न हुआ। बिहार समेत देशभर के घाटों पर श्रद्धालु जुटे, जबकि अमेरिका में भी भारतीयों ने पूजा की।

Nov 16, 2026
सूर्य साधना से आलोकित होगा भाग्य, छठ पर आराधना से जुड़ी हैं यश, वैभव और उन्नति की मान्यताएं

सूर्य साधना से आलोकित होगा भाग्य, छठ पर आराधना से जुड़ी हैं यश, वैभव और उन्नति की मान्यताएं

छठ महापर्व सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना का विशेष पर्व है। इस अवसर पर श्रद्धालु पूरी आस्था और निष्ठा के साथ सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं

Nov 14, 2026