छठ महापर्व का चार दिवसीय अनुष्ठान सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। देशभर में तड़के से ही नदी, तालाबों और पूजा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। 36 घंटे तक निर्जल उपवास रखने वाले व्रतियों ने सूर्यदेव को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
दिल्ली से लेकर बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ तक छठ पूजा की रौनक देखने को मिली। कई जगहों पर श्रद्धालु रात से ही घाटों पर पहुंच गए थे। दिल्ली में सूर्योदय के समय यमुना के अलग-अलग घाटों पर करीब सवा लाख लोग मौजूद रहे। वहीं, बिहार में हजारों घाटों पर एक साथ उगते सूर्य की उपासना की गई।
मोतिहारी जेल में कैदियों ने की छठ पूजा, बनाया गया विशेष घाट
छठ पर्व की आस्था का एक अलग नजारा बिहार के मोतिहारी सेंट्रल जेल में भी देखने को मिला। यहां बंद कैदियों के लिए जेल परिसर के अंदर ही विशेष घाट तैयार किया गया था। करीब 140 कैदियों ने इस घाट पर छठ पूजा की। इनमें 75 महिलाएं और 62 पुरुष कैदी शामिल थे। कैदियों ने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया।
अमेरिका में पोटोमैक नदी किनारे भी हुई छठ पूजा
छठ की परंपरा अब सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। विदेशों में रहने वाले भारतीय भी पूरे उत्साह के साथ इस पर्व को मना रहे हैं। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में पोटोमैक नदी के किनारे पूर्वांचल के लोगों ने छठ पूजा की। श्रद्धालुओं ने नदी किनारे बने घाट पर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया से परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की।
बिहार में डेढ़ करोड़ घरों में छठ की पूजा
बिहार में छठ महापर्व को लेकर सबसे ज्यादा उत्साह देखने को मिला। राज्य के करीब डेढ़ करोड़ घरों में पूजा-अर्चना हुई। पटना में लगभग 100 घाटों पर श्रद्धालु जुटे, जबकि पूरे बिहार में 10 हजार से अधिक घाटों पर पूजा की व्यवस्था की गई थी। किशनगंज में सुबह 5:57 बजे राज्य का पहला सूर्योदय दर्ज किया गया, जिसके साथ ही व्रतियों ने अर्घ्य देना शुरू किया।
असम से ओडिशा तक घाटों पर उमड़े श्रद्धालु
असम के डिब्रूगढ़ में बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। व्रतियों ने बारिश के बीच पूजा की और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। बोकाखात के मरिधनशिरी नदी घाट पर भी सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालु जुटने लगे थे।वहीं, ओडिशा के पुरी में नरेंद्र कोना तालाब पर महिलाओं ने सूर्यदेव को अर्घ्य देकर पूजा संपन्न की। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भी श्रद्धालुओं ने सुबह घाटों पर पहुंचकर छठ का अंतिम अनुष्ठान पूरा किया।
पीएम मोदी ने दी छठ पर्व की शुभकामनाएं
उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ आज महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न हुआ। प्रकृति को समर्पित इस दिव्य उत्सव में दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। छठी मइया से विनती है कि वे सभी व्रतियों के साथ-साथ देशभर के मेरे परिवारजनों को अपना शुभाशीष प्रदान करें।
छठ महापर्व के समापन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने भी छठ पूजा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं।चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के साथ सभी प्रमुख अनुष्ठान पूरे हुए। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने पारण कर 36 घंटे का निर्जला उपवास समाप्त किया। इसके साथ ही लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन हो गया।